हरियाणा IPS सुसाइड केस में SIT की धीमी जांच, परिवार ने जताई नाराजगी
हरियाणा IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस की जांच धीमी होने से परिवार नाराज है। SIT अब रोहतक SP बिजारणिया और अफसर की बेटी से पूछताछ करेगी। फोरेंसिक रिपोर्ट और दस्तावेजों का इंतजार है।
-
आईपीएस वाई पूरन कुमार सुसाइड केस की जांच में देरी से परिवार नाराज
-
चंडीगढ़ SIT करेगी रोहतक SP बिजारणिया और बेटी से पूछताछ
-
फोरेंसिक रिपोर्ट और सरकारी दस्तावेजों का इंतजार, जांच अटकी
हरियाणा के आईपीएस अफसर वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में चंडीगढ़ पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) की धीमी जांच से परिवार नाराज है। परिवार की लीगल टीम ने जांच में हो रही देरी को लेकर असंतोष जताया है।
SIT अधिकारियों ने कहा कि यह हाई प्रोफाइल मामला है, इसलिए हर एंगल से जांच की जा रही है। टीम जल्द ही रोहतक के पूर्व एसपी नरेंद्र बिजारणिया और दिवंगत अफसर की बेटी से पूछताछ करेगी।
जांच में यह सामने आया है कि आईपीएस वाई पूरन कुमार ने अपने PSO सुशील की नहीं, बल्कि गनमैन सुनीत कुमार की रिवॉल्वर से सुसाइड किया था। घटना वाले दिन यानी 7 अक्टूबर को सुनीत की ड्यूटी सेक्टर-11 स्थित अफसर के आवास पर थी। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि सुनीत की रिवॉल्वर पूरन कुमार के पास कैसे पहुंची।
फोरेंसिक रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। वही रिवॉल्वर पुलिस ने कब्जे में ले रखी है। बताया जा रहा है कि सुनीत कुमार उनकी पोस्टिंग अंबाला रेंज में रहने के दौरान से गनमैन रहे हैं।
पोस्टमॉर्टम को तीन हफ्ते हो चुके हैं लेकिन SIT की ओर से न तो कोई प्रेस ब्रीफिंग हुई और न ही रिपोर्ट साझा की गई। परिवार ने बैठक में इस पर नाराजगी जताई।
जांच में सामने आया कि पूरन कुमार ने सुसाइड नोट उसी दिन लैपटॉप पर टाइप किया था, जिस दिन घटना हुई। इससे सुसाइड की बात पुष्ट होती है। हालांकि, उनकी पत्नी IAS अफसर अमनीत पी. कुमार ने लैपटॉप वापस मांगा, लेकिन SIT ने इसे सबूत बताते हुए देने से इनकार कर दिया।
SIT ने बताया कि हरियाणा पुलिस और राज्य सरकार की ओर से मांगे गए कई दस्तावेज अब तक नहीं मिले हैं। इसी कारण जांच की रफ्तार धीमी पड़ी है। SIT ने अब तक 32 दस्तावेजों की मांग की है।
SIT ने कई अधिकारियों से पूछताछ कर ली है, लेकिन दो अहम गवाहों, जिसमें IPS अफसर की बेटी और रोहतक के तत्कालीन एसपी बिजारणिया शामिल हैं, से पूछताछ बाकी है। बेटी का बयान उसकी स्कूल परीक्षा के बाद दर्ज किया जाएगा।
Author1