लाडो लक्ष्मी योजना बदली, अब 2100 नहीं मिलेंगे ₹1100, ₹1000 की होगी RD-FD
हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव किया है। महिलाओं को अब ₹1100 सीधे मिलेंगे, जबकि ₹1000 RD या FD में जमा होंगे।
• लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव, महिलाओं को सीधे मिलेंगे ₹1100
• ₹1000 की राशि सरकार RD या FD में करेगी जमा
• फरवरी से नया नियम लागू, 8.63 लाख लाभार्थियों को फायदा
हरियाणा सरकार ने पंडित दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव किया है। अब इस योजना के तहत महिलाओं के खाते में हर महीने ₹2100 की जगह ₹1100 की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। शेष ₹1000 की रकम सरकार द्वारा संचालित RD या FD खाते में जमा कराई जाएगी। यह नया प्रावधान फरवरी महीने से लागू होगा।
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य केवल तात्कालिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए दीर्घकालीन आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। RD या FD में जमा राशि लाभार्थी के नाम पर सुरक्षित रहेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश लाभार्थी महिला की मृत्यु हो जाती है, तो RD या FD में जमा पूरी राशि तुरंत नॉमिनी को दी जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि योजना की तीसरी किस्त के रूप में ₹181 करोड़ जारी किए गए हैं। इससे 8 लाख 63 हजार 918 महिलाओं को लाभ मिला है। अब तक तीन किस्तों में कुल ₹441 करोड़ की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है।
सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए बताया कि सरकारी स्कूलों में 10वीं या 12वीं बोर्ड में 80% से अधिक अंक लाने वाले बच्चों की माताओं, निपुण भारत मिशन में दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताओं और कुपोषण से बच्चों को बाहर निकालने वाली माताओं को भी योजना का लाभ मिलेगा।
Akhil Mahajan