नए साल में हरियाणा को मिलेगा नया DGP, ओपी सिंह रिटायर
हरियाणा में कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर यूपीएससी पैनल बैठक, 1 जनवरी को आदेश संभव।
कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह और कमांडेंट जनरल मोहम्मद अकील सेवानिवृत्त
नए डीजीपी के लिए यूपीएससी पैनल की बैठक, 1 जनवरी को आदेश संभव
पैनल में 5 आईपीएस, तीन नाम सबसे मजबूत दावेदार
हरियाणा के गृह विभाग ने कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह और होम गार्ड के कमांडेंट जनरल व नागरिक सुरक्षा निदेशक मोहम्मद अकील को सेवानिवृत्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। दोनों अधिकारियों ने निर्धारित आयु पूरी कर ली है। कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह आज 31 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं।
नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर संघ लोक सेवा आयोग की पैनल कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में तीन अधिकारियों के पैनल को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद यह पैनल राज्य सरकार को भेजा जाएगा। सरकार की ओर से 1 जनवरी को नए डीजीपी को लेकर आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
यूपीएससी की पैनल कमेटी में आयोग के अध्यक्ष या सदस्य, केंद्रीय गृह सचिव या उनके नामित अधिकारी, हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, डीजीपी ओपी सिंह और गृह मंत्रालय द्वारा नामित सीपीओ या सीपीएमएफ के प्रमुख अधिकारियों में से एक शामिल होंगे।
ओपी सिंह के साथ 1989 बैच के आईपीएस मोहम्मद अकील और 1991 बैच के आलोक कुमार रॉय भी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। गृह विभाग ने इनके संबंध में भी आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, डीजी जेल को फिलहाल तीन महीने का अतिरिक्त कार्यकाल दिया गया है।
हरियाणा सरकार ने 16 दिसंबर को यूपीएससी को पांच आईपीएस अधिकारियों का पैनल भेजा था। इसमें शत्रुजीत कपूर (1990 बैच), एसके जैन (1991 बैच), अजय सिंघल (1992 बैच), आलोक मित्तल और अर्शिंदर चावला (दोनों 1993 बैच) के नाम शामिल हैं।
पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर को 14 अक्टूबर को छुट्टी पर भेजा गया था। साथी आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर दबाव बढ़ा था। उसी दिन 1992 बैच के आईपीएस ओपी सिंह को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।
डीजीपी की रेस में सबसे आगे माने जा रहे अजय सिंघल 1992 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रमुख हैं। वह वरिष्ठता, मजबूत प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के कारण मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
आलोक मित्तल, 1993 बैच के आईपीएस, पुलिसिंग में नवाचार और ग्राउंड पोस्टिंग के अनुभव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने फरीदाबाद में महिला पीसीआर की शुरुआत की थी और एनआईए में भी सेवाएं दे चुके हैं।
अर्शिंदर चावला, 1993 बैच के अधिकारी हैं और हाल ही में एडीजीपी से डीजी रैंक में पदोन्नत हुए हैं। वर्तमान में वह हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन के निदेशक हैं और प्रशिक्षण व सुधार से जुड़े अहम कार्य देख रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के करीबी माने जाने के कारण उनका दावा भी मजबूत बताया जा रहा है।
पैनल भेजे जाने के बाद यूपीएससी ने आईपीएस वाई पूरन कुमार आत्महत्या मामले में दर्ज एफआईआर की स्थिति पर जानकारी मांगी थी। इस एफआईआर में पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर का नाम शामिल है।
Akhil Mahajan