बजट सत्र से पहले हरियाणा सरकार का पेंशनरों को तोहफा:13 कैटेगरी की पेंशन ₹3200-₹14400 तक बढ़ी, दो दिन में जारी होगा पैसा

हरियाणा सरकार ने 13 श्रेणियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 200 रुपए की बढ़ोतरी की है। करीब 30 लाख लाभार्थियों को नवंबर 2025 से 3200 से 14400 रुपए तक मासिक पेंशन मिलेगी।

बजट सत्र से पहले हरियाणा सरकार का पेंशनरों को तोहफा:13 कैटेगरी की पेंशन ₹3200-₹14400 तक बढ़ी, दो दिन में जारी होगा पैसा

13 कैटेगरी की पेंशन में 200 रुपए की बढ़ोतरी
करीब 30 लाख पेंशनरों को मिलेगा सीधा लाभ
एसिड अटैक पीड़ितों को 14400 रुपए तक मासिक सहायता


हरियाणा सरकार ने बजट सत्र से ठीक पहले प्रदेश के लाखों जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर 13 श्रेणियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशनों में ₹200 प्रतिमाह की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस फैसले के बाद अब प्रदेश के करीब 30 लाख पेंशनरों को ₹3200 से लेकर ₹14400 तक की मासिक पेंशन मिलेगी। सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट ने इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है और अधिकारियों को दो दिनों के भीतर बढ़ी हुई राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अब तक 9 प्रमुख श्रेणियों में लाभार्थियों को ₹3000 प्रतिमाह दिए जा रहे थे, लेकिन बढ़ोतरी के बाद यह राशि ₹3200 प्रति माह हो जाएगी। इनमें लाडली सोशल सिक्योरिटी पेंशन स्कीम, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शामिल हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर रोकी नहीं जाएगी और सभी को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

बुधवार को मुख्यमंत्री ने पेंशन संबंधी मुद्दों को लेकर एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई थी। इस बैठक में सेवा विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों सहित पेंशन से जुड़े 11 अधिकारियों को तलब किया गया। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि जब तक सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी लाभार्थी की पेंशन होल्ड न की जाए। बैठक के अगले ही दिन पेंशन बढ़ोतरी का निर्णय लागू कर दिया गया।

परिवार पहचान पत्र (PPP) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि बढ़ी हुई पेंशन का लाभ नवंबर 2025 से दिया जाएगा। बेसिक और संशोधित पेंशन की पूरी राशि लाभार्थियों को नवंबर माह से जारी की जाएगी और भुगतान सोमवार तक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। पेंशन संबंधी मुद्दों के समाधान की जिम्मेदारी भी डॉ. सतीश खोला को सौंपी गई है और वह लगातार विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

एसिड अटैक पीड़ितों को सबसे अधिक लाभ

हरियाणा सरकार ने एसिड अटैक पीड़ितों की पेंशन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी की है। विशेष फार्मूले के तहत 40 से 50 प्रतिशत प्रभावितों को बेसिक पेंशन का 2.5 गुना, 50 से 60 प्रतिशत प्रभावितों को 3.5 गुना और 60 प्रतिशत से अधिक प्रभावितों को 4.5 गुना पेंशन दी जाती है। अब बढ़ोतरी के बाद 40 से 50 प्रतिशत प्रभावितों को ₹8000, 50 से 60 प्रतिशत प्रभावितों को ₹11200 और 60 प्रतिशत से अधिक प्रभावितों को ₹14400 प्रतिमाह मिलेंगे। पहले की तुलना में ₹500 से ₹900 तक की वृद्धि हुई है।

दिव्यांग और अनाथ बच्चों को भी राहत

स्कूल न जाने वाले दिव्यांग बच्चों की वित्तीय सहायता में भी ₹200 की बढ़ोतरी की गई है। अब इस श्रेणी में ₹2400 के बजाय ₹2600 प्रतिमाह दिए जाएंगे।

इसके अलावा अनाथ बच्चों की आर्थिक सहायता भी बढ़ाई गई है। पहले एक बच्चे को ₹2100 और दो बच्चों को ₹4200 मिलते थे, लेकिन अब एक बच्चे को ₹2300 और दो बच्चों को ₹4600 प्रतिमाह दिए जाएंगे।

कश्मीर माइग्रेट परिवारों की पेंशन भी बढ़ी

कश्मीर माइग्रेट परिवारों को भी राहत दी गई है। पहले एक व्यक्ति को ₹1500 और पूरे परिवार को ₹7500 मिलते थे, लेकिन अब एक व्यक्ति को ₹1700 और पूरे परिवार को ₹8500 प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।

सरकार के इस फैसले को सामाजिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सहारा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।