हिमाचल में एंट्री टैक्स के खिलाफ पंजाब संगठनों का बड़ा प्रदर्शन गरामोड़ बैरियर पर धरना
हिमाचल के बिलासपुर में एंट्री टैक्स के खिलाफ पंजाब के संगठनों ने धरना दिया। बैरियर पर जाम लगने से सैकड़ों वाहन फंसे, पुलिस स्थिति संभालने में जुटी।
■ हिमाचल में एंट्री टैक्स के खिलाफ पंजाब संगठनों का धरना
■ सीएम सुक्खू के खिलाफ नारेबाजी, बैरियर पर लगा लंबा जाम
■ प्रदर्शन के चलते सैकड़ों वाहन फंसे, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एंट्री टैक्स को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार सुबह से गरामोड़ बैरियर पर पंजाब के विभिन्न संगठनों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल में लागू प्रवेश शुल्क को पूरी तरह समाप्त करने की मांग उठाई और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ भी नारे लगाए। ‘इंकलाब जिंदाबाद’, ‘पंजाब-हिमाचल भाईचारा जिंदाबाद’ जैसे नारों के साथ विरोध प्रदर्शन तेज होता गया। इस दौरान बैरियर पर भारी जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
सुबह से ही सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे, जिनमें मरीज, नौकरीपेशा लोग और स्कूली बच्चे भी शामिल थे। कई लोग इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे, लेकिन जाम के कारण समय पर नहीं पहुंच सके। हिमाचल पथ परिवहन निगम की करीब 10 बसें भी रास्ते में फंस गईं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत कर रहा है, ताकि जाम खुलवाया जा सके और यातायात सामान्य किया जा सके। हालांकि खबर लिखे जाने तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई थी।
उधर, रूपनगर-नालागढ़ मार्ग के ढेरोंवाल बैरियर पर भी प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम कर दिया। यहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है और केवल इमरजेंसी वाहनों को ही निकलने दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक एंट्री टैक्स कम नहीं किया जाता या पुरानी दरें लागू नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।लंबे समय तक जाम में फंसे लोगों में प्रशासन और प्रदर्शनकारियों दोनों के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि इस तरह के अचानक प्रदर्शनों से आम जनता को बेवजह परेशान होना पड़ता है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही समाधान निकालकर स्थिति को सामान्य किया जाएगा।
shubham