मोबाइल चलाने से रोका तो पत्नी ने पति पर फेंका उबलता दूध मंडी में घरेलू विवाद बना हिंसक, पति का 15% शरीर झुलसा
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने अपने पति पर उबलता दूध फेंक दिया। इससे पति का करीब 15 प्रतिशत शरीर झुलस गया। पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ मोबाइल चलाने से रोका तो पत्नी ने पति पर फेंका उबलता दूध
■ चेहरा और शरीर का 15 प्रतिशत हिस्सा झुलसा, अस्पताल में कराया उपचार
■ पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में घरेलू विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मोबाइल फोन चलाने को लेकर हुए झगड़े के बाद गुस्साई पत्नी ने अपने ही पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया, जिससे पति का चेहरा और शरीर का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया।घटना सरकाघाट सब-डिवीजन के जमनौण गांव की बताई जा रही है। घायल व्यक्ति की पहचान धर्मपाल (36) के रूप में हुई है। वहीं इस मामले में पुलिस ने पत्नी नीना कुमारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार बुधवार को नीना कुमारी काफी देर से मोबाइल फोन चला रही थी। इस पर उसके पति धर्मपाल ने उसे मोबाइल चलाने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में गंभीर झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद नीना कुमारी गुस्से में रसोई में गई और वहां रखा उबलता हुआ दूध उठाकर पति पर फेंक दिया। गर्म दूध पड़ने से धर्मपाल का चेहरा, छाती और पेट बुरी तरह झुलस गया।
धर्मपाल की चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायल को पास के बलद्वाड़ा नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने धर्मपाल का प्राथमिक उपचार किया और स्थिति स्थिर होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस ने शाम को ही नीना कुमारी को पूछताछ के लिए हटली थाना बुलाया। इसके बाद पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब इस मामले में आसपास के पड़ोसियों और परिवार के अन्य लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी मिल सके।
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला पहले भी सामने आ चुका है। उस समय नीना कुमारी ने अपने पति धर्मपाल के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि नीना कुमारी गृहिणी है, जबकि धर्मपाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है।
इस संबंध में विनोद कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
shubham