हरियाणा में पुलिस भर्ती शुरू, 15 अप्रैल से होंगे फिजिकल टेस्ट जर्मन मशीनों से होगी माप
हरियाणा में 5500 पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए 15 अप्रैल से पंचकूला में फिजिकल टेस्ट शुरू होंगे। जर्मन मशीनों से माप होगी और अभ्यर्थियों के लिए बस सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
■ 5500 पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए 15 अप्रैल से शुरू होंगे फिजिकल टेस्ट
■ जर्मन मशीनों से होगी हाइट-छाती की सटीक माप, चीटिंग पर सख्ती
■ अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों से पिक एंड ड्रॉप की सुविधा
हरियाणा में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने 5500 पुलिस कॉन्स्टेबल पदों के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू होगी। शुरुआत के एक सप्ताह तक प्रतिदिन करीब 1 हजार अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा, जबकि बाद में यह संख्या बढ़ाकर 3 हजार तक कर दी जाएगी। टेस्ट का समय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।इस बार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए आयोग ने खास इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों की हाइट और छाती की माप के लिए जर्मनी से अत्याधुनिक मशीनें मंगाई गई हैं। करीब 25 मशीनों में सेंसर लगे हैं, जो किसी भी प्रकार की चालाकी को तुरंत पकड़ लेंगी। अगर कोई उम्मीदवार माप के दौरान एड़ी उठाने की कोशिश करता है तो स्क्रीन पर जीरो दिखेगा, जिससे उसकी कोशिश तुरंत पकड़ में आ जाएगी।
फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) में सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा देनी होगी। आयोग ने लक्ष्य रखा है कि लिखित परीक्षा से पहले की पूरी प्रक्रिया करीब 85 दिनों में पूरी कर ली जाए, जिससे जुलाई के बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जा सके।अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। पंचकूला और चंडीगढ़ डिपो से रोडवेज बसें चलाई जाएंगी, जो जीरकपुर और रेलवे स्टेशन से स्टेडियम तक पिक एंड ड्रॉप की सुविधा देंगी। साथ ही प्रदेश के अन्य डिपो से भी बसों को वाया पंचकूला चलाने का अनुरोध किया गया है।
स्टेडियम में व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ खेल विभाग और अन्य विभागों के कोच भी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा आयोग सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर अभ्यर्थियों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था करने पर भी काम कर रहा है।भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के समाधान के लिए आयोग का एक सदस्य हर समय मौके पर मौजूद रहेगा। इससे अभ्यर्थियों को तुरंत सहायता मिल सकेगी।
इस भर्ती के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है। करीब 2.70 लाख अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी की है, जिससे साफ है कि प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रहने वाली है।
shubham