हरियाणा पुलिस का डॉग मैंडी बना राष्ट्रीय हीरो, PM के हेलिकॉप्टर की जांच कर चुका है मैंडी
हरियाणा पुलिस का स्निफर डॉग मैंडी PM के हेलिकॉप्टर की जांच कर चुका है और ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में सिल्वर मेडल जीतकर सुर्खियों में है।
■ हिसार एयरपोर्ट पर तैनात डॉग मैंडी की PMO तक चर्चा
■ PM के हेलिकॉप्टर की जांच में भी दिखा चुका है कमाल
■ ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में जीता सिल्वर मेडल
हरियाणा पुलिस का एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग Mandy इन दिनों सुर्खियों में ह। हिसार एयरपोर्ट पर तैनात यह लेब्राडोर ब्रीड का डॉग अपनी बेहतरीन सूंघने की क्षमता के कारण प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक चर्चा में पहुंच चुका है। मैंडी ने न सिर्फ कई बड़े ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाई है, बल्कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के कार्यक्रम के दौरान उनके हेलिकॉप्टर की जांच कर अपनी दक्षता भी साबित की है।
25 नवंबर 2025 को कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मैंडी ने हेलिकॉप्टर में पायलट द्वारा रखी गई शू-पालिश तक सूंघकर ढूंढ निकाली, जिससे उसकी संवेदनशील सूंघने की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह उपलब्धि सुरक्षा एजेंसियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
हाल ही में नागरपुर में आयोजित 69वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट (2025–26) में मैंडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में सिल्वर मेडल हासिल किया। यह हरियाणा के इतिहास में पहली बार है जब किसी पुलिस डॉग ने यह उपलब्धि हासिल की है। इस प्रतियोगिता में बिल्डिंग, व्हीकल, लगेज, ह्यूमन बॉडी और ग्राउंड सर्च जैसी कठिन चुनौतियां शामिल होती हैं, जिनमें मैंडी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मैंडी फिलहाल हिसार एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ते में तैनात है और ईएचसी वीरभान के साथ काम करता है। दोनों की जोड़ी सुरक्षा एजेंसियों में काफी चर्चित है। मैंडी किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु में छिपे विस्फोटक पदार्थों को उनकी गंध से पहचानने में सक्षम है, जो कि बेहद जटिल और उच्च स्तर की ट्रेनिंग का परिणाम है।
मैंडी की दिनचर्या और खास देखभाल
मैंडी का विशेष ध्यान रखा जाता है। सुबह 5:30 बजे उसे टहलाया जाता है, फिर ट्रेनिंग दी जाती है। उसे रोजाना डेढ़ लीटर दूध, सोयाबीन, रोटी और डॉग फूड दिया जाता है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वह अपनी ड्यूटी निभाता है और रात 9:30 बजे आराम करता है।
2020 में पंचकूला से ली ट्रेनिंग, हाई एक्सप्लोसिव पहचानने में एक्सपर्ट
मैंडी ने अपनी ट्रेनिंग आईटीबी सेंटर पंचकूला में 2020 में पूरी की थी। वह एमोनियम नाइट्रेट, आरडीएक्स और लिक्विड एक्सप्लोसिव जैसे खतरनाक पदार्थों को भी आसानी से सूंघकर पहचान सकता है। मार्च 2025 से वह हिसार एयरपोर्ट पर अपनी सेवाएं दे रहा है।
CID चीफ एडीजीपी सौरभ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीतना हरियाणा पुलिस के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मैंडी और उसके हैंडलर वीरभान की मेहनत और तालमेल की सराहना की।
pooja