हरियाणा के नए राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल शुरू

हरियाणा से राज्यसभा के लिए चुने गए संजय भाटिया और कर्मवीर बौद्ध का 6 साल का कार्यकाल 10 अप्रैल 2026 से शुरू हो गया है। वे 16 अप्रैल को शपथ ले सकते हैं।

हरियाणा के नए राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल शुरू

हरियाणा के 2 नए राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल शुरू
बीजेपी के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध चुने गए
16 अप्रैल को संसद में ले सकते हैं शपथ


हरियाणा से राज्यसभा के लिए चुने गए संजय भाटिया और कर्मवीर सिंह बौद्ध का 6 वर्ष का कार्यकाल आज, 10 अप्रैल 2026 से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के अधीन विधायी विभाग द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के साथ ही दोनों नेताओं का निर्वाचन विधिवत अधिसूचित कर दिया गया।दरअसल, 16 मार्च 2026 को हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिसकी मतगणना देर रात तक चली। इसके बाद दोनों उम्मीदवारों को विजयी घोषित किया गया और रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल (आईएएस) ने उन्हें जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा।

संवैधानिक जानकारों के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत राज्यसभा के निर्वाचित सदस्यों के नामों को गजट में अधिसूचित करना आवश्यक होता है। इसी प्रक्रिया के तहत अब दोनों सांसदों का कार्यकाल 10 अप्रैल 2026 से 9 अप्रैल 2032 तक रहेगा।हरियाणा से वर्तमान राज्यसभा सांसदों में अन्य नामों की बात करें तो कार्तिकेय शर्मा और रेखा शर्मा का कार्यकाल अगस्त 2028 तक है, जबकि सुभाष बराला अप्रैल 2030 तक सदस्य बने रहेंगे।

आगामी 16 अप्रैल को संसद के बजट सत्र की अगली बैठक प्रस्तावित है। इसी दौरान देश के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति द्वारा नए निर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जा सकती है। इस सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।इस तरह हरियाणा को राज्यसभा में एक बार फिर से राजनीतिक संतुलन के साथ प्रतिनिधित्व मिला है, जहां सत्ताधारी दल और विपक्ष दोनों के नेता शामिल हैं।