हरियाणा सचिवालय में IAS अफसर के सेक्रेटरी ने छठी मंजिल से कूदकर दी जान
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर IAS अधिकारी के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी गणेश दास अरोड़ा की मौत। 15 दिन पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी, पुलिस जांच में जुटी।
■ चंडीगढ़ हरियाणा सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर वरिष्ठ अधिकारी के सेक्रेटरी की मौत
■ मृतक गणेश दास अरोड़ा, IAS हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी थे
■ 15 दिन पहले भी आत्महत्या की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां छठी मंजिल से कूदकर एक वरिष्ठ कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के रूप में हुई है, जो IAS अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। घटना ने सचिवालय परिसर में हड़कंप मचा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:24 बजे गणेश दास अरोड़ा अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिना किसी को कुछ बताए भवन की छत पर पहुंचे और वहां से नीचे छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। गंभीर हालत में उन्हें सेक्टर 16 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले भी उन्होंने इसी तरह की कोशिश की थी, लेकिन उस समय आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया था। इस बार घटना अचानक और बेहद तेजी से घटी।
बताया जा रहा है कि गणेश दास अरोड़ा की सेवानिवृत्ति इसी वर्ष अक्टूबर में प्रस्तावित थी। उनकी पत्नी गवर्नर हाउस में तैनात हैं। फिलहाल परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पूर्व भी कृषि विभाग के एक कर्मचारी ने इसी भवन से कूदकर जान दे दी थी।
Akhil Mahajan