केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का हिमाचल से खास कनेक्शन, मंडी से जुड़ी है लव स्टोरी, छात्र राजनीति में हुई थी पहली मुलाकात
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का हिमाचल प्रदेश से गहरा पारिवारिक रिश्ता है। उनकी पत्नी मृदुला ठाकुर मंडी जिले की रहने वाली हैं और दोनों की मुलाकात एबीवीपी के कार्यक्रम में हुई थी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का ससुराल हिमाचल के मंडी जिले में है
एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यक्रम में मृदुला ठाकुर से हुई थी पहली मुलाकात
1998 में दोनों ने विवाह किया, छात्र राजनीति से शुरू हुई थी उनकी प्रेम कहानी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इन दिनों राष्ट्रीय राजनीति में लगातार चर्चा में हैं। हालांकि उनके राजनीतिक जीवन के बारे में अधिकांश लोग जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को यह जानकारी है कि उनका हिमाचल प्रदेश से भी गहरा पारिवारिक रिश्ता है। धर्मेंद्र प्रधान का ससुराल मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल के कोठुआ (कोठुवां) गांव में स्थित है।
धर्मेंद्र प्रधान की पत्नी मृदुला ठाकुर मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की रहने वाली हैं। छात्र जीवन के दौरान वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में सक्रिय छात्र राजनीति से जुड़ी रहीं। इसी दौरान उनकी पहचान धर्मेंद्र प्रधान से हुई, जो आगे चलकर जीवनसाथी बने।
दोनों की पहली मुलाकात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक राष्ट्रीय अधिवेशन में हुई थी। उस समय धर्मेंद्र प्रधान और मृदुला ठाकुर संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। कार्यक्रमों के दौरान हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और समय के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
कई वर्षों तक एक-दूसरे को समझने के बाद धर्मेंद्र प्रधान और मृदुला ठाकुर ने वर्ष 1998 में विवाह कर लिया। शादी के बाद भी दोनों सार्वजनिक जीवन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे।
मृदुला ठाकुर के पिता भगत राम ठाकुर और माता रामप्यारी ठाकुर शिक्षा विभाग में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए। उनका परिवार लंबे समय से मंडी जिले के कोठुआ गांव में निवास कर रहा है। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं, जिनमें अधिकांश सदस्य शिक्षा और अन्य पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े रहे हैं।
केंद्रीय राजनीति में सक्रिय होने के कारण धर्मेंद्र प्रधान का हिमाचल आना-जाना पहले की तुलना में कम हो गया है, लेकिन उनका पारिवारिक रिश्ता आज भी प्रदेश से जुड़ा हुआ है।
धर्मेंद्र प्रधान का जन्म 26 जून 1969 को ओडिशा में हुआ था। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की और बाद में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं में अपनी पहचान बनाई। वह केंद्र सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भारत सरकार में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
pooja