हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट

हरियाणा के कई जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी है। सिरसा में तापमान 46 डिग्री पहुंचा। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी।

हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट

हरियाणा के कई जिलों में सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी

सिरसा में तापमान 46 डिग्री पहुंचा, बाजारों में पसरा सन्नाटा

मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी

हरियाणा में भीषण गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित नजर आया।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां भीषण गर्मी और लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। रोहतक में 45.3 डिग्री, भिवानी और बोपानिया (फरीदाबाद) में 44 डिग्री, नूंह में 43.5 डिग्री तथा नारनौल में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार, करनाल, गुरुग्राम, सोनीपत और जींद समेत कई जिलों में लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते सड़कों पर आवाजाही कम रही। बाजारों में भी दिन के समय सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में रहने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढकने की सलाह भी दी गई है।

भीषण गर्मी का असर अब खेती पर भी दिखाई देने लगा है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि फसलों की सिंचाई सुबह जल्दी या शाम के समय करें। इससे मिट्टी में नमी बनी रहेगी और तेज तापमान का असर कम होगा।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक हरियाणा में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।