हरियाणा के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-पूर्वी हिस्से में मानसून रहेगा सक्रिय

हरियाणा के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए किन जिलों में बारिश होगी, तापमान का ताजा अपडेट और अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान।

हरियाणा के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-पूर्वी हिस्से में मानसून रहेगा सक्रिय

हरियाणा के 5 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्से में मानसून रहेगा सक्रिय

सिरसा 38.2 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला

हरियाणा में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं रहेगा, लेकिन उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बादल छाने के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी और भिवानी में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा अंबाला में 37.0 डिग्री, हिसार में 36.2 डिग्री, रोहतक में 35.6 डिग्री और फतेहाबाद में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं न्यूनतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। सबसे कम तापमान गुरुग्राम (AWS) में 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करनाल में 25.5 डिग्री, हिसार में 26.0 डिग्री, नारनौल में 26.5 डिग्री और रोहतक में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

IMD के अनुसार प्रदेश में 4 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी। 31 जुलाई को उत्तर और पूर्वी हरियाणा में बारिश का दायरा अधिक रहेगा। 1 अगस्त को उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, जबकि शेष प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 2 अगस्त से पश्चिमी जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि जिन क्षेत्रों में बारिश कम होगी, वहां दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना रह सकता है। हालांकि बादलों और नमी के कारण रात के तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है।