हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, 9 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 2 से 7 मई तक कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा में न्यूनतम तापमान औसतन 3.1 डिग्री बढ़ा, गुरुग्राम सबसे गर्म रहा
■ पश्चिमी विक्षोभ के असर से 2 से 7 मई तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
■ 9 जिलों में बूंदाबांदी और 40 से 50 KM/H रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना
हरियाणा में मई की शुरुआत मौसम के बदले हुए मिजाज के साथ हुई है। प्रदेश में शनिवार को न्यूनतम तापमान में औसतन 3.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुग्राम 30 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहा।
वहीं नारनौल का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर उमस और गर्मी का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे ताजा पश्चिमी विक्षोभ का असर अब हरियाणा में भी दिखाई देगा। इसके चलते 2 मई से 7 मई तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इसके बावजूद राज्य का सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 2, 3, 6 और 7 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 4 और 5 मई को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
2 मई को पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 3 से 6 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में आंधी और बारिश के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतना जरूरी रहेगा।
pooja