हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 HPAS अधिकारियों के तबादले
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 18 HPAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि तीन पुराने आदेश रद्द कर दिए गए हैं।
➤ सरकार ने 18 HPAS अधिकारियों के तबादला और नई नियुक्ति आदेश जारी किए
➤ कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार, मेडिकल, शिक्षा और प्रशासनिक विभागों में बदलाव
➤ 6 और 10 जुलाई के तीन तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से किए रद्द
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 18 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HPAS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
कई विभागों में बदले गए अधिकारी
जारी आदेशों के अनुसार भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (HPSIDC) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। डॉ. (मेजर रिटायर्ड) विशाल शर्मा को टांडा मेडिकल कॉलेज का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार डॉ. मदन कुमार को मंडी नगर निगम का आयुक्त, डॉ. अमित गुलेरिया को अतिरिक्त सचिव (जल शक्ति विभाग) तथा राम प्रसाद को संयुक्त सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर बनाया गया है।
विश्वविद्यालय, शिक्षा और खेल विभाग में भी बदलाव
सरकार ने डॉ. (मेजर रिटायर्ड) अवनिंदर कुमार को सीएसके कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर का रजिस्ट्रार नियुक्त किया है। रमन घरसंगी को संयुक्त सचिव (एमपीपी एवं पावर), डॉ. (श्रीमती) पूनम को सहायक आयुक्त, उपायुक्त कार्यालय सोलन, गौरव महाजन को अतिरिक्त निदेशक, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग तथा अंकुश शर्मा को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला का सचिव बनाया गया है।
नगर निगम और एसडीएम स्तर पर भी फेरबदल
अपराजिता चंदेल को मंडी नगर निगम की संयुक्त आयुक्त, विश्व मोहन देव चौहान को एचआरटीसी का कार्यकारी निदेशक, चिराग शर्मा को चंबा का एसडीएम, सुरेंद्र कुमार कटोच को सलूणी (चंबा) का एसडीएम और चंदेरवीर सिंह को नगर निगम धर्मशाला का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।
तीन पुराने तबादला आदेश रद्द
सरकार ने 6 जुलाई और 10 जुलाई 2026 को जारी तीन तबादला आदेश भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं। इनमें सिद्धार्थ आचार्य की एचआरटीसी कार्यकारी निदेशक, कपिल तोमर की संयुक्त निदेशक (युवा सेवाएं एवं खेल विभाग) तथा पद्मा छोडोन की एसडीएम उदयपुर (लाहौल-स्पीति) के पद पर नियुक्ति से संबंधित आदेश शामिल हैं।
Akhil Mahajan