हिसार-सिरसा-फतेहाबाद में बरसे बादल, तापमान गिरा, प्रदूषण से राहत!
हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में बारिश से ठंड बढ़ गई है। फतेहाबाद की अनाज मंडी में धान भीग गया, जबकि गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज हुआ।
-
हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में शाम को बारिश, मौसम हुआ ठंडा
-
फतेहाबाद की अनाज मंडी में धान भीगने से किसानों को नुकसान
-
5 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ से और बढ़ेगी ठंड
हरियाणा में मौसम ने करवट बदल ली है। मंगलवार देर शाम हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में अचानक बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो गया और लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और शाम होते-होते बारिश ने दस्तक दी।
फतेहाबाद की अनाज मंडी में बारिश का पानी भर गया, जिससे खुले में रखा सैकड़ों टन धान भीग गया। किसानों ने मंडी में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। हिसार और सिरसा में भी देर शाम झमाझम बारिश हुई, जिससे गलियों और सड़कों पर पानी भर गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार यानी 5 नवंबर को हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इन जिलों में मंगलवार को बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे।
गुरुग्राम की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में रात का तापमान 13.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अब तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 4 नवंबर की रात से राज्य में हल्का बदलाव शुरू हो गया था। बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी जारी रह सकती है। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर से मौसम पूरी तरह खुश्क रहेगा, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात्रि तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
फतेहाबाद के जीटी रोड पर दुकानों के आगे बारिश का पानी जमा रहा, जबकि हिसार में शाम को शुरू हुई बारिश से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को उमस से राहत मिली, लेकिन किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में हरियाणा में ठंड एक पायदान और बढ़ेगी। फिलहाल सुबह और रात के समय हल्की सर्दी महसूस हो रही है, लेकिन 7 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना है।
Author1