हिमाचल में रोडरेज ने लिया हिंसक रूप, बस स्टाफ पर चाकू से हमला
हिमाचल के कांगड़ा में रोडरेज के चलते वॉल्वो बस के ड्राइवर-कंडक्टर पर चाकू से हमला किया गया। चार लोग घायल हुए और पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार व चिट्टा बरामद किया।
■ वॉल्वो बस में घुसकर ड्राइवर-कंडक्टर पर चाकू से हमला
■ हवाई फायरिंग से दहशत, चार लोग गंभीर घायल
■ पंजाब के तीन आरोपी गिरफ्तार, थार से चिट्टा और हथियार बरामद
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक मामूली रोडरेज की घटना ने खौफनाक रूप ले लिया, जब पंजाब के युवकों ने एक चलती वॉल्वो बस को रोककर उसमें घुसकर ड्राइवर और कंडक्टर समेत यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। इस सनसनीखेज वारदात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे थुरल के पास बैरघट्टा में हुई, जब कांगड़ा के बीड़ से दिल्ली जा रही प्राइवेट वॉल्वो बस एक संकरी सड़क (सिंगल लेन) से गुजर रही थी। पीछे से आ रही काले रंग की महिंद्रा थार में सवार युवकों ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण बस चालक तुरंत रास्ता नहीं दे सका। इसी बात पर युवक भड़क गए और उन्होंने बस को ओवरटेक कर आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर दी, जिससे बस को रुकना पड़ा।
बस रुकते ही आरोपी जबरन अंदर घुस आए और ड्राइवर व कंडक्टर के साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने चाकू निकालकर ड्राइवर सुंदर सिंह, कंडक्टर प्रवेश कुमार और बीच-बचाव कर रहे यात्रियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ड्राइवर और कंडक्टर के पेट और पीठ पर कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
हमले के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से उन्हें ज्यादा दूर भागने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह (पठानकोट), निशान पाल (होशियारपुर) और अलीश (पठानकोट) के रूप में हुई है।
घटना में घायल हुए लोगों में सुंदर सिंह, राज कुमार, विजय कुमार और प्रवेश कुमार शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की थार गाड़ी को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू और पिस्टल बरामद की गई। इसी पिस्टल से आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई थी। इसके अलावा गाड़ी से नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 126(2), 352, 351(2), 3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल कर रही है।
shubham