रजनी पाटिल ने किया बड़ा खंडन,सुक्खू सरकार पर रिपोर्ट भेजने की खबरों को बताया गलत
हिमाचल कांग्रेस प्रभारीरजनी पाटिल ने सुक्खू सरकार पर कांग्रेस हाईकमान को रिपोर्ट भेजने की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि ऐसी कोई रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है।
रजनी पाटिल ने हिमाचल सरकार पर रिपोर्ट भेजने की खबरों को बताया गलत
कांग्रेस हाईकमान को कोई रिपोर्ट सौंपे जाने से किया साफ इनकार
मीडिया से तथ्यों की पुष्टि के बाद ही खबर प्रकाशित करने की अपील
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और राज्य की कांग्रेस सरकार को लेकर चल रही मीडिया रिपोर्टों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कांग्रेस हाईकमान को हिमाचल सरकार के संबंध में कोई रिपोर्ट भेजे जाने की खबर पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
नई दिल्ली में जारी अपने बयान में रजनी पाटिल ने कहा कि मीडिया के कुछ वर्गों ने बिना तथ्यों की पुष्टि किए यह समाचार प्रकाशित और प्रसारित किया कि हिमाचल प्रदेश के लिए एआईसीसी प्रभारी ने राज्य की कांग्रेस सरकार को लेकर कोई रिपोर्ट कांग्रेस नेतृत्व को सौंपी है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हाईकमान को उनकी ओर से हिमाचल प्रदेश सरकार से संबंधित कोई रिपोर्ट नहीं भेजी गई है। इसलिए इस तरह की खबरों पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।
रजनी पाटिल ने मीडिया संस्थानों से अपील की कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि अपुष्ट जानकारी और अटकलों के आधार पर खबरें चलाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
उनके इस बयान के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सरकार को लेकर चल रही चर्चाओं और अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। पिछले कुछ समय से राज्य की राजनीति और सरकार को लेकर विभिन्न तरह के दावे सामने आ रहे थे, जिन पर अब कांग्रेस की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट कर दी गई है।
pooja