हिमाचल में बारिश का कहर, कुल्लू में शमशर नाला उफान पर
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से कुल्लू के शमशर नाला में उफान आ गया। NH-305 पर पानी और मलबा बहने लगा। कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कुल्लू के आनी क्षेत्र में शमशर नाला उफान पर, बाढ़ जैसे हालात बने
NH-305 पर झरने की तरह बहा पानी और मलबा, जोखिम उठाकर निकले वाहन
कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और शिमला समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सबसे ज्यादा असर कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में देखने को मिला, जहां लगातार बारिश के बाद शमशर नाला उफान पर आ गया और बाढ़ जैसे हालात बन गए।
नाले में भारी मात्रा में पानी और मलबा आने से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के बाद नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे कई जगहों पर खतरे की स्थिति पैदा हो गई।
बारिश का असर राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (NH-305) पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर पहाड़ियों से पानी और मलबा सड़क पर आ गया, जिससे सड़कें झरने जैसी दिखाई देने लगीं। तेज बहाव के बीच वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़क पर तेज रफ्तार से बहते पानी और मलबे के बीच वाहन गुजरते दिखाई दे रहे हैं। कई चालक जोखिम उठाकर झरने के नीचे से अपनी गाड़ियां निकालते नजर आए। हालात को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही धीमी कर दी, जबकि कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से रोकना भी पड़ा।
राजधानी शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि इसके साथ ही भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों को देखते हुए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है और कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
pooja