हरियाणा में प्लाइवुड गोदाम में लगी भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

रेवाड़ी के गोकलगढ़ स्थित प्लाइवुड गोदाम में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया। पांच मजदूर सुरक्षित बच गए।

हरियाणा में प्लाइवुड गोदाम में लगी भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने पाया आग  पर काबू
  • रेवाड़ी के गोकलगढ़ स्थित प्लाइवुड गोदाम में रविवार सुबह भीषण आग लगी
  • गोदाम के बाहर सो रहे पांच मजदूर समय रहते बाहर निकले, बड़ा हादसा टला
  • फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में रविवार सुबह गोकलगढ़ स्थित एक प्लाइवुड गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय गोदाम के बाहर सो रहे पांच मजदूर समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

जानकारी के अनुसार गोकलगढ़ टी-पॉइंट के पास वुड स्टूडियो नाम से प्लाइवुड का शोरूम और गोदाम है। रविवार सुबह करीब 6 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम के साथ शोरूम को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

घटना के समय गोदाम के बाहर पांच मजदूर सो रहे थे। आग की भनक लगते ही सभी मजदूर तुरंत बाहर निकल आए। उनकी सतर्कता के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग की सूचना मिलने पर सबसे पहले रेवाड़ी से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए धारूहेड़ा और बावल आईएमटी से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल 10 दमकल गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की वजह से गोदाम का पिछला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते शोरूम के अगले हिस्से और कुछ सामान को बचा लिया। गोदाम के आसपास अन्य दुकानें भी होने के कारण आग फैलने का खतरा बना हुआ था, जिससे व्यापारियों में भी दहशत का माहौल रहा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर परिषद चेयरपर्सन विनिता पीपल और पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यापारी, आसपास के दुकानदारों और अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।

सहायक फायर ऑफिसर संजय ढिलन ने बताया कि सुबह करीब छह बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग बुझाने के लिए 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। गोदाम के पिछले हिस्से में सबसे अधिक नुकसान हुआ है, जबकि आगे के हिस्से को काफी हद तक बचा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।