लड़की की फर्जी आईडी से कृषि अधिकारी को फंसाया और की ₹40 लाख की ठगी

हिसार में साइबर ठगी के मामले में आरोपी ने लड़की की फर्जी आईडी बनाकर कृषि अधिकारी से 40 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस ने आरोपी को पंचकूला से गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

लड़की की फर्जी आईडी से कृषि अधिकारी को फंसाया और की  ₹40 लाख की ठगी

लड़की की फर्जी ID बनाकर कृषि अधिकारी से ₹40 लाख की ठगी
ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर दिया मुनाफे का लालच
हिसार साइबर पुलिस ने आरोपी को पंचकूला से किया गिरफ्तार


हिसार। हरियाणा के हिसार में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक आरोपी ने लड़की की फर्जी आईडी बनाकर कृषि विभाग के अधिकारी से करीब ₹40 लाख की ठगी कर ली। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश निवासी सेक्टर-29ए, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पीड़ित घनश्याम (40), जो वर्तमान में कैथल के कृषि विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को उनके फेसबुक अकाउंट पर ‘रेखा यादव’ नाम की प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी।

रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर यह बातचीत व्हाट्सएप पर शिफ्ट हो गई। आरोपी ने खुद को महिला बताकर पीड़ित को ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ‘ग्लोबल प्राइम’ में निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

शुरुआत में पीड़ित ने निवेश से मना कर दिया, लेकिन लगातार दबाव और भरोसा दिलाने के बाद उन्होंने ₹50 हजार निवेश किए। इसके बाद आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए उनके खाते में ₹53,890 वापस ट्रांसफर कर दिए, जिससे पीड़ित को प्लेटफॉर्म असली लगा।

इसके बाद ठग ने बड़ा निवेश करने के लिए उकसाया। पीड़ित ने अपनी मां कृष्णा देवी के बैंक खाते से ₹20 लाख ट्रांसफर कर दिए। फिर अलग-अलग किस्तों में और रकम मांगी गई, जिसे पीड़ित ने RTGS के जरिए भेज दिया

जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनसे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।