हथियारों से लैस बदमाशों ने हिसार में मचाया आतंक, घर पर बरसाईं गोलियां

हिसार के पड़ाव चौक पर देर रात 20 युवकों ने हथियारों से हमला किया। गोलियां चलीं और पत्थरबाज़ी हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

हथियारों से लैस बदमाशों ने हिसार में मचाया आतंक, घर पर बरसाईं गोलियां
  • हिसार के पड़ाव चौक पर देर रात 15–20 युवकों ने घर पर किया हथियारों से हमला

  • गोलियां चलीं, पत्थरबाज़ी हुई, लोगों ने घरों में बंद होकर बचाई जान

  • जीजेयू झगड़े का बदला बताकर पुलिस ने कई युवकों पर केस दर्ज किया


हरियाणा के हिसार में देर रात पड़ाव चौक पर उस समय दहशत मच गई जब लगभग 15 से 20 युवक हथियारों से लैस होकर एक घर पर टूट पड़े। युवकों ने पहले घर के बाहर खड़े होकर गालियां देनी शुरू कर दीं और फिर पत्थरबाज़ी शुरू कर दी।

युवकों ने पड़ाव चौक में इसी घर में घुसने की नीयत से दरवाजे को तोड़ डाला।

घर के अंदर मौजूद परिवार ने डर के मारे दरवाज़े बंद कर लिए। मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों में छिप गए। कुछ देर बाद युवकों ने हवाई फायरिंग की और तेज़धार हथियारों से दरवाज़ों पर वार किए

पड़ाव चौक कुम्हारन मोहल्ला निवासी आकाश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 324(6), 333, 351(3), 287 BNS 25(1-B)a-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

आकाश कुमार ने बताया कि जब हमला हुआ, वह घर के सामने खड़ा था। इतने में 15–20 लड़के लाठी, तलवार और पिस्तौल लेकर आ पहुंचे। उन्हें देखकर वह घर के अंदर भाग गया। इसके बाद आरोपियों ने घर के गेट और खिड़कियां तोड़ दीं और ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। एक ईंट का टुकड़ा उनके पैर पर लगा।

घटना के बाद घर के मेन गेट पर पड़ा टूटा तेजधार हथियार।

आकाश ने बताया कि मंगलवार सुबह गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में उसके भाई प्रवीन के साथ इन्हीं लड़कों ने झगड़ा किया था। उसी का बदला लेने के लिए हमला किया गया। पुलिस को दी शिकायत में उसने कुछ आरोपियों के नाम कालिया कसाना उर्फ रवि, मोगली गुर्जर उर्फ सुभाष, रिंकू चौहान, काली बद्दी, हैप्पी, और गुल्लू सैनी बताए हैं।

आकाश की मां ने कहा कि रात में वे घर पर सो रहे थे, तभी हमला हो गया। उन्होंने बताया कि उनका छोटा बेटा शादी में गया हुआ था। अचानक 15 के करीब युवक घर के बाहर आकर गोलियां चलाने लगे। पूरा परिवार डर के मारे भीतर बंद हो गया। उन्होंने कहा कि हमारा किसी से कोई झगड़ा नहीं है।

घटना के बाद मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।