बजट में हिसार की झोली भरी, स्वास्थ्य और उद्योग को बड़ी सौगात, जानें क्या क्या मिला
हरियाणा बजट 2026 में हिसार को 300 बेड अस्पताल भवन, आधुनिक कैथ लैब, पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र, एविएशन हब, नया खेल स्टेडियम और औद्योगिक सुधार जैसी कई बड़ी सौगातें मिली हैं।
■ हिसार को बजट में बड़ी सौगात, स्वास्थ्य से उद्योग तक विकास की रफ्तार
■ 300 बेड का नया अस्पताल भवन और आधुनिक कैथ लैब की स्थापना
■ एविएशन, खेल स्टेडियम और ‘सक्षम’ फंड से औद्योगिक क्षेत्रों का कायाकल्प
हरियाणा सरकार के बजट 2026-27 ने हिसार जिले के लिए विकास की नई इबारत लिख दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश बजट में हिसार को स्वास्थ्य, उद्योग, खेल, पशुपालन, पेयजल और एविएशन के क्षेत्र में कई बड़ी सौगातें मिली हैं। इन घोषणाओं ने साफ कर दिया है कि सरकार हिसार को क्षेत्रीय विकास का मॉडल जिला बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
सबसे अहम घोषणा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी है। जिला अस्पताल में 300 बेड के नए और आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे न केवल मरीजों की बढ़ती संख्या को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि विशेषज्ञ उपचार की क्षमता भी बढ़ेगी। इसके साथ ही सब डिवीजनल हॉस्पिटल में अत्याधुनिक कैथ लैब स्थापित की जाएगी, जिससे हृदय रोगियों को इलाज के लिए चंडीगढ़ या दिल्ली जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।
पशुपालन को मजबूत आधार देने के लिए हिसार में हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र पशुओं में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की निगरानी, शोध और रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कृषि और पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था वाले इस क्षेत्र के लिए यह कदम मील का पत्थर माना जा रहा है।
औद्योगिक ढांचे को नई ऊर्जा देने के लिए पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के जीर्णोद्धार का कार्य ‘सक्षम’ फंड के तहत किया जाएगा। सड़कों, सीवरेज, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ कर उद्योगों को प्रतिस्पर्धी बनाया जाएगा। सरकार ने रोजगार आधारित शहरीकरण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर मिल सकें।
शहर की पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 44 वॉटर वर्क्स टैंकों की आरसीसी लाइनिंग की जाएगी। इससे पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति दोनों में सुधार होगा। एविएशन क्षेत्र में हिसार को बड़ी हिस्सेदारी मिली है। 1100 करोड़ रुपये के बजट में से महत्वपूर्ण भाग हिसार को एविएशन हब के रूप में विकसित करने के लिए दिया गया है।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए नया खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। वहीं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए मंडियों में विशेष स्थान आरक्षित किए जाएंगे, जिससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके। कुल मिलाकर यह बजट हिसार को स्वास्थ्य, उद्योग, खेल और कृषि के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का रोडमैप प्रस्तुत करता है।
Akhil Mahajan