हिसार रेलवे गबन कांड की आंच सिरसा तक, महिला हेड टीसी सस्पेंड; 17 लाख से ज्यादा की हेराफेरी की जांच तेज
हिसार रेलवे जंक्शन में 17 लाख से अधिक की गबन राशि मामले में सिरसा की महिला हेड टीसी को सस्पेंड किया गया है। जोधपुर से विभागीय जांच चल रही है और कई अधिकारी जांच के दायरे में हैं।
■ हिसार में 17 लाख से अधिक गबन के बाद सिरसा में महिला हेड टीसी निलंबित
■ जुर्माना राशि की सुपरविजन में लापरवाही के आरोप, 10–15 लाख कैश जमा न होने का शक
■ जोधपुर से विभागीय जांच, टीसी हरिकिशन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत केस
हरियाणा के हिसार रेलवे जंक्शन में सामने आए करोड़ों नहीं बल्कि लाखों के गबन कांड की आंच अब सिरसा रेलवे जंक्शन तक पहुंच गई है। सीनियर टिकट कलेक्टर हरिकिशन पर 17 लाख 610 रुपए के गबन के आरोपों के बाद विभाग ने सिरसा में तैनात महिला हेड टिकट कलेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई यातायात इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें जुर्माना राशि की सुपरविजन में अनियमितताओं की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, टीसी हरिकिशन द्वारा बिना टिकट यात्रियों से वसूली गई जुर्माना राशि की नियमित निगरानी नहीं की गई। आरोप है कि उसके पास कितना कैश आया और कितना रेलवे लेखा कार्यालय में जमा हुआ, इसकी सही मॉनिटरिंग नहीं हुई। सिरसा में हाल ही में पोस्ट की गई महिला हेड टीसी पर यह जिम्मेदारी थी कि वह राजस्व की पारदर्शिता सुनिश्चित करे। हालांकि जांच में यह शक भी जताया जा रहा है कि इससे पहले कार्यरत अन्य हेड टीसी भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि सिरसा में भी जुर्माना राशि के 10 से 15 लाख रुपए तक कैश रेलवे खाते में जमा नहीं होने की आशंका है। यह राशि विभिन्न तिथियों में वसूली गई बताई जा रही है। महिला हेड टीसी स्वयं भी कई बार टीम के साथ टिकट चेकिंग अभियान में शामिल रहती थीं और मौके पर जुर्माना वसूलती थीं। ऐसे में सुपरविजन की जिम्मेदारी और भी अहम मानी जा रही है।
रेलवे विभाग की ओर से इस पूरे मामले की विभागीय जांच जोधपुर से करवाई जा रही है। जोधपुर से आए यातायात इंस्पेक्टर श्याम सिंह ने हिसार और सिरसा रेलवे जंक्शन से संबंधित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी, जिसके बाद कार्रवाई तेज हो गई। जांच टीम ने सबसे पहले अकाउंट शाखा से यह विवरण जुटाया कि हरिकिशन द्वारा कब से और कितनी राशि जमा नहीं करवाई गई।
शिकायत के अनुसार, जून 2025 से जनवरी 2026 के बीच 17 लाख 610 रुपए की सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया। यह रकम रेलवे राजस्व की थी, जिसे नियमानुसार जमा कराया जाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिसार स्टेशन अधीक्षक ने डीएसपी हिसार और अंबाला छावनी रेलवे को ईमेल के माध्यम से सूचना दी। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
रेलवे विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जहां-जहां हरिकिशन की पोस्टिंग रही है, उन सभी स्टेशनों की जांच की जा रही है। सिरसा में महिला हेड टीसी पिंकी को सस्पेंड किया गया है। स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि अनियमितताओं के आरोपों के चलते विभागीय कार्रवाई की गई है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि इतने लंबे समय तक राजस्व की वसूली और जमा प्रक्रिया की निगरानी क्यों नहीं हुई। क्या सिस्टम में निगरानी की कमी थी या किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई। विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।
Akhil Mahajan