हिसार में कुश्ती कोच ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से खुद को मारी गोली

हिसार के खेदड़ गांव में कुश्ती कोच कर्मबीर ने लाइसेंसी बंदूक से आत्महत्या कर ली। पत्नी से विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।

हिसार में कुश्ती कोच ने  लाइसेंसी दोनाली बंदूक से खुद को मारी गोली

पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव में था कोच
गांव के स्टेडियम में बच्चों को देता था कुश्ती प्रशिक्षण
लाइसेंसी दोनाली बंदूक से घर के अंदर उठाया कदम


हिसार जिले के खेदड़ गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 39 वर्षीय कुश्ती कोच कर्मबीर उर्फ लीला ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना थाना बरवाला क्षेत्र की है। गोली की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। पत्नी जब अंदर पहुंची तो कर्मबीर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

मानसिक रूप से परेशान चल रहा था मृतक

ग्रामीणों के अनुसार कर्मबीर गांव का ही निवासी था और पूर्व में कुश्ती का खिलाड़ी रह चुका था। वर्तमान में वह गांव के स्टेडियम में बच्चों को कुश्ती का प्रशिक्षण देता था। ग्रामीणों ने बताया कि कर्मबीर मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था, लेकिन पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसका पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह तनाव में आ गया।

अस्पताल से छुट्टी लेकर लौटा था घर

जानकारी के मुताबिक कर्मबीर हाल ही में हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती रहा था और एक दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। मंगलवार को उसकी पत्नी घर के बाहर किसी कार्य में व्यस्त थी। इसी दौरान कर्मबीर घर के अंदर गया और अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस कर रही है कारणों की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रही है।