ICC Men's T20 World Cup में वर्ल्ड चैंपियन भारत की सबसे बड़ी हार, 76 रन से साउथ अफ्रीका ने दी करारी शिकस्त
सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया। डेविड मिलर की विस्फोटक पारी और यानसन-महाराज की गेंदबाजी से भारत की सबसे बड़ी हार।
➤ सुपर-8 में भारत को 76 रन से हार, जीत का सिलसिला टूटा
➤ डेविड मिलर की विस्फोटक पारी, मार्को यानसन-कैशव महाराज की घातक गेंदबाजी
➤ नेट रन रेट -3.800, सेमीफाइनल की राह मुश्किल
विस्तृत खबर
वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। सुपर-8 के तीसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन के बड़े अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट में उसका विजयी अभियान रोक दिया। इससे पहले भारतीय टीम लगातार 12 मुकाबले जीत चुकी थी, लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह सिलसिला थम गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में महज 111 रन पर सिमट गई।
मिलर-ब्रेविस की साझेदारी ने पलटा मैच
शुरुआत में अफ्रीकी टीम दबाव में थी। 20 रन पर टॉप-3 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। क्विंटन डी कॉक 6, ऐडन मार्करम 4 और रियान रिकेल्टन 7 रन बनाकर आउट हुए। पावरप्ले में स्कोर 41/3 था।
इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने सिर्फ 50 गेंदों पर 97 रन की साझेदारी कर रन रेट को लगभग 10 रन प्रति ओवर पहुंचा दिया। मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन ठोके, जबकि ब्रेविस ने 45 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन जोड़कर स्कोर 187 तक पहुंचाया।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए।
टॉप ऑर्डर फेल, मिडिल ऑर्डर भी नहीं संभाल पाया
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही तीन विकेट गिर गए। ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा सस्ते में आउट हो गए।
शिवम दुबे ने 42 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। भारत की ओर से एक भी फिफ्टी साझेदारी नहीं हो सकी। मिडिल ओवर्स में 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने सिर्फ 57 रन बनाए और 5 विकेट गंवा दिए।
15वें ओवर में केशव महाराज ने एक ही ओवर में हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को आउट कर मैच पूरी तरह भारत से दूर कर दिया।
साउथ अफ्रीका के मैच विनर्स
मार्को यानसन ने 4 विकेट झटके। केशव महाराज ने 3 विकेट लिए। कॉर्बिन बॉश को 2 और ऐडन मार्करम को एक सफलता मिली।
डेविड मिलर को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सेमीफाइनल की राह कठिन
ग्रुप-1 के पहले ही मुकाबले में 76 रन की हार से भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। अब टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे।
प्लेइंग इलेवन
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रियान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।
Akhil Mahajan