इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट, 5 घायल; इमरजेंसी स्लाइड से निकाले 198 यात्री
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट से 5 यात्री घायल हो गए। 198 यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
➤ इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट, 5 यात्री घायल
➤ 198 यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड से सुरक्षित बाहर निकाला गया
➤ लैंडिंग के बाद विमान में धुआं भरने से मची अफरा-तफरी
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया, जब IndiGo की फ्लाइट 6E-108 (हैदराबाद-चंडीगढ़) में पावर बैंक ब्लास्ट हो गया। इस घटना में 5 यात्री घायल हो गए, जबकि विमान में सवार सभी 198 यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट दोपहर करीब 3:29 बजे सुरक्षित लैंड हो चुकी थी और पार्किंग की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान सीट 39C पर बैठे एक यात्री के बैग में रखे पावर बैंक से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। आशंका है कि पावर बैंक फट गया था।
घटना के बाद विमान के अंदर तेजी से धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए केबिन क्रू ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिए।
करीब 3:35 बजे इमरजेंसी एग्जिट खोले गए और यात्रियों को एयर स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने दो स्लाइडर का इस्तेमाल करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया।
इस दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं। सीट 25F पर बैठी एक महिला यात्री को स्लाइड से उतरते समय चोट लगी, जबकि एक अन्य महिला के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विमान को खाली करवाने के बाद संबंधित एजेंसियों को सूचना दी गई और अब एयरक्राफ्ट की तकनीकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार विमान में कुल 198 यात्री, दो बच्चे और छह क्रू मेंबर सवार थे। एयरफोर्स की फायर टेंडर टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ चुकी थी। फिलहाल, पुलिस और एयरपोर्ट अथॉरिटी घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पावर बैंक में ब्लास्ट कैसे हुआ।
DGCA नियम और पावर बैंक से जुड़ी अहम बातें
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार जनवरी 2026 से फ्लाइट में पावर बैंक से मोबाइल या अन्य डिवाइस चार्ज करने पर रोक है।
पावर बैंक में इस्तेमाल होने वाली लिथियम बैटरियां अत्यधिक ज्वलनशील होती हैं, जो ज्यादा गर्म होने या दबाव पड़ने पर आग या विस्फोट का कारण बन सकती हैं।
- पावर बैंक केवल हैंड बैगेज में रखने की अनुमति है
- ओवरहेड बिन या लगेज में रखना सख्त मना है
- आग लगने की स्थिति में तुरंत पहचान और नियंत्रण मुश्किल होता है
Akhil Mahajan