39 लाख की लूट, मास्टरमाइंड निकला भतीजा, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
झज्जर के बहादुरगढ़ में 39 लाख की लूट का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा किया। लूट का मास्टरमाइंड पीड़ित का भतीजा निकला, जिसने बदमाशों को लाइव लोकेशन दी।
- 12 घंटे में पुलिस का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
- 39 लाख की लूट का मास्टरमाइंड निकला पीड़ित का भतीजा
- केएमपी पर पेशाब के बहाने रुकवाई गाड़ी, दी लाइव लोकेशन
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में शुक्रवार देर रात लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर करीब 39 लाख रुपये नकद लूट लिए। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे में मामले का खुलासा कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस वारदात में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि लूट की साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि पीड़ित का भतीजा ही निकला। आरोपी भतीजा अपने साथियों को गाड़ी में बैठे-बैठे लाइव लोकेशन भेज रहा था।
रेवाड़ी जिले का रहने वाला सूबे सिंह अपने भतीजे सुनील के साथ करनाल से लौट रहा था। जैसे ही दोनों आसौदा के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, भतीजे ने पेशाब का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई।
गाड़ी रुकते ही दो गाड़ियों में सवार 5–6 युवक मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने सूबे सिंह के साथ मारपीट की और कार की डिग्गी में रखे 39 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
आसौदा थाना एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित ने अपनी शिकायत में भतीजे पर भी शक जताया था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश किया।
जांच में सामने आया कि पूरी वारदात पहले से प्लान की गई थी। भतीजा सुनील ही बदमाशों को हर मूवमेंट की जानकारी दे रहा था। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। सभी आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Akhil Mahajan