उधार के पैसे मांगे तो का दिया दुकानदार का कत्ल
झज्जर के बहादुरगढ़ में 9 हजार रुपए के उधार को लेकर हुए विवाद में किराना दुकानदार अभिषेक सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने आए 13 वर्षीय बेटे को भी घायल कर दिया गया।
➤ झज्जर के बहादुरगढ़ में उधार के पैसे मांगने पर दुकानदार की हत्या
➤ बीच-बचाव करने आए 13 वर्षीय बेटे पर भी चाकू से हमला, अस्पताल में भर्ती
➤ वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में उधार के पैसे मांगना एक किराना दुकानदार को भारी पड़ गया। छोटूराम नगर में पड़ोसी से 9 हजार रुपए का उधार मांगने पहुंचे दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए उसके 13 वर्षीय बेटे पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय अभिषेक सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ बहादुरगढ़ में रहकर किराने की दुकान चलाते थे।
9 हजार रुपए के उधार को लेकर हुआ खूनी विवाद
जानकारी के अनुसार अभिषेक सिंह ने अपने पड़ोसी को करीब 9 हजार रुपए का राशन उधार दिया था। कई बार रकम मांगने के बावजूद आरोपी पैसे नहीं लौटा रहा था। रविवार को अभिषेक अपने 13 वर्षीय बेटे अभिराज के साथ पड़ोसी के घर पैसे मांगने पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पिता पर ताबड़तोड़ वार, बेटे को भी नहीं छोड़ा
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी ने चाकू निकालकर अभिषेक सिंह पर लगातार कई वार कर दिए। पिता को बचाने पहुंचे बेटे अभिराज पर भी चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर चोटों के कारण अभिषेक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बेटे को इलाज के लिए बहादुरगढ़ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan