आधी रात गोलियों की गूंज, युवक को घर के बाहर भूना: 25 राउंड फायरिंग से दहला हरियाणा का यह गांव
झज्जर के सुबाना गांव में पुरानी रंजिश के चलते युवक हितेश उर्फ गुल्लू की गोलियों से हत्या कर दी गई। बोलेरो में आए बदमाशों ने 20 से ज्यादा राउंड फायर किए।
➤ घर के बाहर खड़े युवक पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
➤ बोलेरो में आए हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड किए फायर
➤ पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका, गांव में फैला डर
हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने एक युवक को उसके घर के बाहर ही गोलियों से छलनी कर दिया। मृतक की पहचान हितेश उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है। वारदात इतनी खौफनाक थी कि पूरे गांव में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे हितेश अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए 3 से 4 हमलावरों ने आते ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने करीब 20 से 25 गोलियां चलाईं। लगातार हुई फायरिंग से पूरा इलाका गूंज उठा और लोग अपने घरों से बाहर निकलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने युवक को संभलने का मौका तक नहीं दिया। गोलियां लगने से हितेश उर्फ गुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी आपसी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, हमलावरों में शामिल एक युवक की पहचान होने की बात सामने आई है, जिसके बाद पुलिस कई एंगल से जांच में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। इस वारदात के बाद ग्रामीणों में भारी रोष और भय का माहौल बना हुआ है।
Akhil Mahajan