सफीदों की रंग-गुलाल फैक्ट्री में भीषण आग, दो महिला मजदूरों की मौत जींद में दर्दनाक हादसा, 20 से ज्यादा मजदूर झुलसे
जींद के सफीदों में होली के रंग-गुलाल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर झुलस गए। मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री के गेट पर बाहर से ताला लगा था, जिससे वे समय पर बाहर नहीं निकल सके।
■ जींद के सफीदों में रंग-गुलाल फैक्ट्री में भीषण आग
■ दो महिला मजदूरों की जलकर मौत, 20 से ज्यादा मजदूर झुलसे
■ मजदूरों का आरोप-गेट पर बाहर से लगा था ताला, निकलने का रास्ता बंद
हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में शुक्रवार को होली के रंग-गुलाल बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से दो महिला मजदूरों की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत सफीदों के सिविल अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सफीदों की भाट कॉलोनी स्थित रंग-गुलाल फैक्ट्री में शुक्रवार को करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री में आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में आग और धुएं का गुबार फैल गया। अचानक लगी आग से मजदूरों के बीच चीख-पुकार मच गई और सभी बाहर निकलने के लिए भागने लगे।
मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। आग लगने के बाद जब मजदूर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे तो रास्ता बंद होने के कारण वे अंदर ही फंस गए। इससे कई लोग आग और धुएं की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद कुछ मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक दो महिला मजदूरों की झुलसने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
आग से झुलसे मजदूरों को तुरंत सफीदों के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां थोड़ी ही देर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पानीपत के अस्पताल में रेफर किया गया है।
घायलों में सफीदों निवासी रानी (45), आदर्श कॉलोनी निवासी जगबीर (40), निसंग (करनाल) निवासी पवन कुमार (30), शिव कॉलोनी निवासी कश्मीरी (39), गीता कॉलोनी निवासी कमलेश (54) और बिमला (60) सहित कई मजदूर शामिल हैं। कई मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
shubham