रिश्वतकांड में SDM का नाम आया सामने, ₹5 लाख मांगने का आरोप

कैथल में BDPO रिश्वतकांड में SDM का नाम सामने आया है। ₹5 लाख की मांग के आरोप के बीच ACB अब अन्य अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।

रिश्वतकांड में SDM का नाम आया सामने, ₹5 लाख मांगने का आरोप

कैथल BDPO रिश्वतकांड में नया मोड़, SDM का नाम आया सामने
₹5 लाख की मांग का आरोप, हाथ से इशारा कर बताई रकम
ACB जांच में जुटी, अन्य अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही


हरियाणा के कैथल जिले के गुहला-चीका में सामने आए BDPO रिश्वतकांड में अब नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पकड़े गए BDPO जगजीत सिंह के साथ-साथ अब SDM कैप्टन परमेश सिंह का नाम भी सामने आया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ₹5 लाख की रिश्वत मांगने के दौरान BDPO ने खुद कहा था कि यह रकम अकेले उसके लिए नहीं, बल्कि इसमें अन्य अधिकारियों का भी हिस्सा है।

हाथ से इशारा कर मांगे ₹5 लाख

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह समाधान के लिए BDPO के पास पहुंचा, तो अधिकारी ने हाथ की पांच उंगलियां दिखाकर ₹5 लाख की मांग की।

बाद में फोन पर बातचीत में भी BDPO ने कहा कि "इतने तो देने ही होंगे", क्योंकि पैसे लेने वाले वे अकेले नहीं हैं और इसमें SDM साहब का भी हिस्सा है।

शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसने इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी की है, जिसमें BDPO खुद यह बातें स्वीकार करते सुनाई दे रहे हैं।

मकान गिराने का बना रहा था दबाव

मामले में शिकायतकर्ता संदीप (गांव बदसुई) ने बताया कि BDPO ने उसके मकान को गिराने का लेटर जारी किया था और लगातार उस पर मकान गिराने का दबाव बना रहा था।

हालांकि, संदीप का कहना है कि उसके मामले में पहले से कोर्ट से स्टे ऑर्डर लिया हुआ था, इसके बावजूद अधिकारी कार्रवाई की धमकी दे रहा था।

इसके बाद BDPO ने मकान न गिराने के बदले ₹5 लाख की मांग की, जिसकी रिकॉर्डिंग कर संदीप ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को सौंप दी।

रंगेहाथ पकड़ा गया BDPO

ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए BDPO को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। अब उसे कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।

SDM पर भी उठे सवाल

शिकायतकर्ता का कहना है कि BDPO ने बातचीत में SDM कैप्टन परमेश सिंह का नाम लिया और कहा कि वह भी इस मामले में रुचि ले रहे हैं।

हालांकि, इस संबंध में SDM ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है

जांच में अन्य की भूमिका भी खंगाली जा रही

ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह के अनुसार, टीम अब यह जांच कर रही है कि इस मामले में BDPO के अलावा किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता है या नहीं।

फिलहाल, ACB की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।