हरियाणा पुलिस ही साइबर ठगों के जाल में फंसी, पुलिस कर्मी के व्हटसएप्प पर आया मैसेज और खाते से उड़ाए 2.60 लाख, पढ़ें पूरा मामला
Kaithal cyber fraud, APK file scam, RTO challan scam, SBI account fraud, Haryana cyber crime, WhatsApp scam India
■ कैथल में पुलिसकर्मी के बैंक खाते से 2.60 लाख की साइबर ठगी
■ RTO चालान के नाम पर भेजी गई APK फाइल से मोबाइल हैक
■ नेट बैंकिंग का एक्सेस लेकर आरोपी ने रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर की
हरियाणा के कैथल जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पुलिसकर्मी के बैंक खाते से 2 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोप है कि साइबर ठगों ने RTO चालान के नाम पर मोबाइल पर APK फाइल भेजी, जिसके जरिए मोबाइल हैक कर आरोपी ने नेट बैंकिंग का एक्सेस हासिल कर लिया और खाते से रकम किसी दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव पबनावा निवासी अनिल कुमार, जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, ने ढांड थाना में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में खाता है और उससे उनका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है।
मोबाइल पर भेजी गई थी APK फाइल
शिकायतकर्ता के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से RTO चालान के नाम से एक APK फाइल भेजी गई थी। उन्हें शक होने पर उन्होंने उस एप को तुरंत डिलीट कर दिया, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वह फाइल मोबाइल में इंस्टॉल हो चुकी है।
मोबाइल हैक कर खाते से निकाले पैसे
शिकायत में बताया गया कि 23 दिसंबर 2025 को उनका मोबाइल हैक हो गया और उसी दौरान उनके बैंक खाते से 2 लाख 60 हजार रुपये निकल गए। जब उन्होंने बैंक से जानकारी ली तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल के जरिए नेट बैंकिंग का एक्सेस लेकर खाते से रकम किसी अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले में शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना कैथल ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साइबर थाना एसएचओ सुभ्रांशु ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan