तांत्रिक जाल: झाड़-फूंक के नाम पर परिवार से ₹1.07 करोड़ की ठगी
कैथल में तांत्रिक विद्या और झाड़-फूंक के नाम पर एक परिवार से ₹1.07 करोड़ ठगने का मामला सामने आया। पुलिस बैंक खातों की जांच कर रही है।
➤ बीमार पिता को ठीक करने और जादू-टोना हटाने के नाम पर परिवार से करोड़ों की ठगी
➤ इंजेक्शन से खून निकालकर मंदिर चढ़ाने, बलि और मंदिर निर्माण के नाम पर बनाया शिकार
➤ ग्रामीणों का दावा- 100 से ज्यादा लोगों से करीब ₹4 करोड़ ऐंठ चुकी है आरोपी महिला
हरियाणा के कैथल जिले में तांत्रिक विद्या, झाड़-फूंक और जादू-टोना हटाने के नाम पर एक परिवार से करीब ₹1.07 करोड़ की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव की एक महिला ने परिवार पर संकट, काला जादू और सर्वनाश का डर दिखाकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। जब परिवार पूरी तरह विश्वास में आ गया तो बीमारी ठीक करने, बलि चढ़ाने और मंदिर निर्माण के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपए ऐंठ लिए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी महिला ने सिर्फ पैसे ही नहीं लिए, बल्कि कथित तांत्रिक क्रियाओं के दौरान इंजेक्शन से पूरे परिवार का खून तक निकलवाया। परिवार को बताया गया कि यह खून काली माता और चामुंडा देवी धाम में चढ़ाना जरूरी है, तभी उन पर मंडरा रहा संकट टलेगा। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला, उसके पति और बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीमार पिता को बनाया ठगी का आधार
कैथल के बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी अमनदीप ने सदर थाने में दी शिकायत में बताया कि उनके पिता सुखबीर सिंह पिछले 2 से 3 साल से सिरदर्द और चक्कर आने की परेशानी से जूझ रहे थे। लगातार इलाज कराने के बावजूद आराम नहीं मिल रहा था। इसी दौरान परिवार में घरेलू झगड़े भी बढ़ रहे थे। परिवार को किसी ने बताया कि गांव की ही सुमन नाम की महिला झाड़-फूंक करती है और तांत्रिक उपायों से समस्याओं का समाधान करती है। इसके बाद परिवार उसके संपर्क में आया।
काली माता की बलि और बाबा भैरोंनाथ मंदिर का झांसा
अमनदीप के मुताबिक आरोपी महिला सुमन ने परिवार को बताया कि उनके घर पर किसी ने जादू-टोना करा रखा है। इससे छुटकारा पाने के लिए काली माता के लिए बलि देनी पड़ेगी और बाबा भैरोंनाथ का मंदिर बनवाना होगा। महिला ने परिवार से कहा कि इसके लिए बार-बार उसकी चौकी पर आना होगा और विशेष पूजा-पाठ करवाना पड़ेगा। परिवार पहले से परेशान था, इसलिए वे उसकी बातों में आते चले गए।
जमीन बेचकर जुटाए पैसे, FD भी तुड़वाई
पीड़ित परिवार के अनुसार, पिता की बीमारी से परेशान होकर उन्होंने आरोपी महिला की बातों पर भरोसा कर लिया। पिता को ठीक करने की उम्मीद में परिवार ने अपनी जमीन बेचकर करीब ₹50 लाख इकट्ठे किए। इसके अलावा बैंक में जमा FD भी तुड़वाई गई। अमनदीप का कहना है कि उन्होंने आरोपी महिला को ₹76 लाख नकद और ₹7 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके अलावा बाद में भी कई किस्तों में रकम दी गई।
इंजेक्शन से निकाला खून, मंदिर में चढ़ाया
परिवार का आरोप है कि रुपए लेने के बाद आरोपी महिला उन्हें चामुंडा देवी धाम लेकर गई। वहां उसने इंजेक्शन से परिवार के सदस्यों का खून निकाला और मंदिर में चढ़ा दिया। महिला ने दावा किया कि मंदिर निर्माण के लिए जमीन खरीद ली गई है। जब मंदिर पूरी तरह तैयार हो जाएगा तो उस पर सोने का छत्र भी चढ़ाना पड़ेगा।
पैसे से खरीदी जमीन और ट्रैक्टर
अमनदीप ने बताया कि आरोपी महिला को इतनी बड़ी रकम देने के बाद परिवार आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट गया। अब तक महिला को करीब ₹80 लाख से अधिक दिए जा चुके हैं। आरोप है कि न तो कोई मंदिर बना और न ही परिवार की समस्याएं खत्म हुईं। उल्टा आरोपी महिला ने इन्हीं पैसों से अपने लिए जमीन खरीदी, नया ट्रैक्टर लिया और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर ली। परिवार का यह भी कहना है कि रुपए के अलावा महिला ने उनसे 32 तोले चांदी और 6 तोले सोने के गहने भी ले लिए।
ग्रामीणों का दावा- 100 से ज्यादा लोग बने शिकार
जब मामला खुला तो बुढ़ाखेड़ा गांव के कई ग्रामीण भी शिकायत लेकर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुमन, उसका पति बलराज, बेटा वंश और उचाना निवासी संजिव मिलकर लंबे समय से लोगों को ठग रहे हैं। ग्रामीण रमेश के अनुसार, यह लोग हरिद्वार, कुरुक्षेत्र, पटियाला और बागड़ जैसी जगहों पर कथित तांत्रिक क्रियाएं करने जाते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि आरोपियों ने अब तक 100 से अधिक लोगों से करीब ₹4 करोड़ तक ऐंठ लिए हैं।
पुलिस बैंक खातों की कर रही जांच
सदर थाना के जांच अधिकारी PSI मनु ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पीड़ित परिवार और आरोपी महिला के बैंक अकाउंट्स की जांच कर रही है, ताकि पैसों के लेन-देन की पूरी सच्चाई सामने आ सके। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan