विदेश भेजने का झांसा, महिला से दुष्कर्म का आरोप
करनाल में विदेश भेजने के नाम पर एक महिला के साथ दुष्कर्म और वीडियो बनाने के आरोप सामने आए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ विदेश भेजने के नाम पर महिला से दुष्कर्म का आरोप
■ नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में ले जाकर वारदात
■ अश्लील वीडियो बनाकर साथी को भेजने का भी आरोप
करनाल में विदेश भेजने के नाम पर एक महिला के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी एजेंट पर धोखे से शारीरिक शोषण करने के आरोप लगे हैं। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे झांसे में लेकर पहले विश्वास जीता और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में ले जाकर पूरी रात दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भी बनाई और उन्हें अपने एक साथी को भेज दिया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जशमेर नाम का व्यक्ति उसका मुंहबोला भाई है, जिसे उसने कई बार विदेश जाने की इच्छा जताई थी। इसी दौरान जशमेर ने उसे गुरदीप नाम के एक एजेंट के बारे में बताया, जो लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। 1 अप्रैल को पीड़िता ने गुरदीप से फोन पर संपर्क किया, जिसके बाद उसने भरोसा दिलाया कि वह जल्द करनाल आकर पूरी प्रक्रिया समझाएगा।
4 अप्रैल को आरोपी ने फोन कर बताया कि वह करनाल पहुंच चुका है और मिलने के लिए लोकेशन मांगी। पीड़िता के अनुसार, गुरदीप उसकी लोकेशन पर गाड़ी लेकर पहुंचा और उसे होटल में बैठकर बातचीत करने के बहाने अपने साथ ले गया। रास्ते में उसने उसे कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वह अर्ध-बेहोशी की हालत में पहुंच गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसी स्थिति में आरोपी उसे पुराना बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ पूरी रात दुष्कर्म किया गया। महिला ने यह भी बताया कि उसे हल्के होश में यह याद है कि आरोपी ने उसकी नग्न अवस्था में वीडियो और फोटो बनाई और उन्हें अपने साथी रघबीर को भेज दिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी से फोन पर कहा कि दी गई दवाई असर कर गई और आगे भी ऐसी दवाइयां भेजने को कहा, ताकि अन्य महिलाओं को भी इसी तरह फंसाया जा सके।
अगले दिन 5 अप्रैल को आरोपी उसे घर छोड़ने के लिए निकला। रास्ते में उसने एक मेडिकल स्टोर से दवाई लेकर उसे खाने के लिए कहा, लेकिन पीड़िता ने मना कर दिया। महिला का कहना है कि वह दवाई अभी भी उसके पास मौजूद है, जिसे वह पुलिस को सबूत के तौर पर देने को तैयार है।
जब पीड़िता को पूरी तरह होश आया, तो उसने आरोपी से फोन पर बात की और विरोध जताया। आरोप है कि इस पर आरोपी ने उसे धमकी दी और कहा कि उसके संबंध ऊंचे स्तर तक हैं, इसलिए वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
पीड़िता ने 7 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद मामला रामनगर थाना क्षेत्र का पाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई सुमनलता को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
shubham