सोशल मीडिया से रचा जाल, फिर दाे बच्चों के बाप ने ब्लैकमेलिंग में फंसाई छात्रा
करनाल की महिला ने कैथल के युवक पर बेटी से अश्लील हरकत, ब्लैकमेल और वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
-
करनाल की महिला ने कैथल के युवक पर बेटी से अश्लील हरकत और रेप प्रयास का लगाया आरोप
-
आरोपी ने सोशल मीडिया से दोस्ती कर बनाया संबंध, फिर वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल किया
-
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की
करनाल। जिले के एक गांव की महिला ने कैथल जिला निवासी राहुल नामक युवक पर उसकी बेटी से अश्लील हरकतें, रेप का प्रयास, ब्लैकमेल और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की मां ने महिला थाना करनाल में दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने पहले सोशल मीडिया पर उसकी बेटी से दोस्ती की और फिर बहला-फुसलाकर उसे जाल में फंसा लिया।
जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी, तो उसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। कुछ समय बाद आरोपी ने धमकी पूरी करते हुए वीडियो वायरल कर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर रचा गया षड्यंत्र
पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी बेटी 12वीं पास कर कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रही थी और स्नैपचैट अकाउंट के जरिए राहुल से संपर्क में आई। राहुल ने खुद को अविवाहित बताया जबकि वह शादीशुदा और दो बच्चों का पिता निकला। उसने अपनी बहन शिल्पा के माध्यम से भी विश्वास दिलाया कि वह कुंवारा है।
कैफे में बुलाकर की अश्लील हरकत
मां के अनुसार, जून-जुलाई में राहुल ने बेटी को चाय पीने के बहाने कैफे बुलाया और वहां अश्लील हरकत करते हुए आपत्तिजनक वीडियो बना ली। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी टालता रहा और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे फिर बुलाया।
कोचिंग सेंटर से जबरन ले गया गांव
करीब ढाई महीने पहले राहुल अपनी बहन शिल्पा के साथ कोचिंग सेंटर पहुंचा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे जबरन अपने गांव ले गया। वहां आरोपी ने एक कमरे में बंद कर गलत हरकत करने की कोशिश की, लेकिन युवती किसी तरह अपनी इज्जत बचाकर घर लौट आई।
पत्नी ने भी वायरल किया वीडियो
घर लौटने के बाद राहुल लगातार युवती को धमकाता और ब्लैकमेल करता रहा। जब युवती ने बात मानने से इनकार किया, तो आरोपी की पत्नी को सच्चाई पता चली। पत्नी ने सलाह लेकर खुद युवती की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
महिला थाना करनाल ने आरोपी राहुल, उसकी बहन और पत्नी के खिलाफ धमकाने, ब्लैकमेल, गलत हरकत और वीडियो वायरल करने की धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच एसआई जसविंद्र कौर के पास है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पोक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
Author1