उड़ान के 15 मिनट बाद हेलिकॉप्टर में धुआं, डिप्टी सीएम की इमरजेंसी लैंडिंग; सभी सुरक्षित
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर में उड़ान के 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी आने से इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में धुआं भरने के बाद पायलट ने ATC से अनुमति लेकर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
■ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
■ उड़ान के 15 मिनट बाद डिस्प्ले बंद, केबिन में भरने लगा धुआं
■ लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग, सभी 6 लोग सुरक्षित
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर की शनिवार को अचानक तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर ने लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के करीब 15 मिनट बाद ही कॉकपिट का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया और हेलिकॉप्टर के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर को वापस मोड़कर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। इस दौरान हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी 6 लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
2000 फीट की ऊंचाई पर हुआ तकनीकी फॉल्ट
जानकारी के अनुसार केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ के ला मार्टिनियर स्कूल ग्राउंड से हेलिकॉप्टर से उड़ान भरी थी, जो उनके आवास के पास स्थित है। हेलिकॉप्टर करीब 2000 फीट की ऊंचाई तक पहुंच चुका था, तभी पायलट को विमान के सिस्टम में गड़बड़ी का संकेत मिला। कुछ ही देर में कॉकपिट का डिस्प्ले बंद हो गया और केबिन में धुआं भरने लगा, जिससे स्थिति चिंताजनक हो गई।
ATC से परमिशन लेकर वापस मोड़ा हेलिकॉप्टर
तकनीकी खराबी का पता चलते ही पायलट ने तुरंत लखनऊ ATC को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। उस समय हेलिकॉप्टर करीब 50 किलोमीटर दूर बछरावां तक पहुंच चुका था। अनुमति मिलते ही पायलट ने हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ की ओर मोड़ दिया और सावधानीपूर्वक उड़ान भरते हुए सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई।
हेलिकॉप्टर में 6 लोग थे सवार
हेलिकॉप्टर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कुल 6 लोग सवार थे। इनमें दो पायलट, एक एडवाइजर, एक क्लास फोर कर्मचारी और एक सुरक्षा कर्मी शामिल थे। एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात कर दी गई थीं।
दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी रवाना हुए
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद केशव प्रसाद मौर्य कुछ देर बाद दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना हो गए। वहां उन्हें दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करना है।
यूपी सरकार का है हेलिकॉप्टर
जिस हेलिकॉप्टर में यह तकनीकी खराबी आई, वह उत्तर प्रदेश सरकार का हेलिकॉप्टर है और इसकी जिम्मेदारी नागरिक उड्डयन विभाग के पास है। इस विभाग के निदेशक ईशान प्रताप सिंह हैं, जो मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी हैं।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आई हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
-
28 फरवरी 2022: चुनावी सभा के लिए जाते समय ईंधन की कमी के कारण हेलिकॉप्टर को कुशीनगर के महावीर इंटर कॉलेज मैदान में उतारना पड़ा था
-
14 फरवरी 2019: आजमगढ़ दौरे के लिए उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी के कारण हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ में उतारना पड़ा
-
30 मार्च 2018: आजमगढ़ से लौटते समय हेलिकॉप्टर में गड़बड़ी आने पर रायबरेली के फुरसतगंज में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी
Akhil Mahajan