कृति सेनन की बड़ी प्रॉपर्टी डील, 8.9 करोड़ में बेचे चार अपार्टमेंट

कृति सेनन, नुपुर सेनन और गीता सेनन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में स्थित चार अपार्टमेंट 8.9 करोड़ रुपये में बेचे। इस डील से परिवार को करीब 4.6 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ।

कृति सेनन की बड़ी प्रॉपर्टी डील, 8.9 करोड़ में बेचे चार अपार्टमेंट

कृति सेनन और परिवार ने अंधेरी के चार अपार्टमेंट 8.9 करोड़ रुपये में बेचे

कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा बने खरीदार

करीब 4.6 करोड़ रुपये का मुनाफा, 107% तक रिटर्न मिला

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन, उनकी बहन नुपुर सेनन और मां गीता सेनन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित अपने चार अपार्टमेंट बेच दिए हैं। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार इन संपत्तियों को फिल्ममेकर और मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने खरीदा है। चारों फ्लैट्स की कुल बिक्री कीमत 8.9 करोड़ रुपये बताई गई है।

दस्तावेजों के मुताबिक यह सौदा 24 अप्रैल 2026 को चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए पूरा किया गया। बिक्री के बाद कृति सेनन और उनके परिवार को इस निवेश पर बड़ा मुनाफा हुआ है।

जानकारी के अनुसार सेनन परिवार ने इन चारों अपार्टमेंट्स को वर्ष 2013 से 2017 के बीच करीब 4.31 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब 8.9 करोड़ रुपये में बिक्री होने से परिवार को लगभग 4.6 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। यह करीब 107 प्रतिशत का रिटर्न माना जा रहा है।

अंधेरी वेस्ट की रहेजा क्लासिक सोसायटी में स्थित दो बड़े अपार्टमेंट्स को 3.23 करोड़ रुपये-3.23 करोड़ रुपये में बेचा गया। इन फ्लैट्स का बिल्ट-अप एरिया 654.23 वर्ग फुट है और प्रत्येक फ्लैट के साथ एक कार पार्किंग भी शामिल है।

इन दोनों ट्रांजैक्शन पर 19.41 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी अदा की गई, जबकि प्रत्येक यूनिट के लिए 30 हजार रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराया गया।

इसी बिल्डिंग में मौजूद दो छोटे अपार्टमेंट्स 1.21 करोड़ रुपये-1.21 करोड़ रुपये में बेचे गए। इनका बिल्ट-अप एरिया 246.06 वर्ग फुट है। इन पर 7.29 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी और प्रति यूनिट 30 हजार रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क लगाया गया।

स्क्वायर यार्ड्स के आंकड़ों के अनुसार गीता सेनन ने जुलाई 2013 में दो बड़े अपार्टमेंट लगभग 1.40 करोड़ रुपये में खरीदे थे। वहीं कृति सेनन और नुपुर सेनन ने जून 2017 में दो अन्य फ्लैट्स करीब 2.90 करोड़ रुपये में खरीदे थे। इस तरह परिवार का कुल निवेश करीब 4.31 करोड़ रुपये रहा।

इस डील के बाद एक बार फिर बॉलीवुड सितारों के रियल एस्टेट निवेश चर्चा में आ गए हैं। मुंबई के प्राइम लोकेशन में की गई यह डील निवेश पर शानदार रिटर्न का उदाहरण मानी जा रही है।