रेस्ट हाउस में आराम कर रहा था मगरमच्छ, JE ने रखी निगरानी
कुरुक्षेत्र में सिंचाई विभाग रेस्ट हाउस में 5 फुट लंबा मगरमच्छ मिला। वाइल्ड लाइफ विभाग ने आधी रात को रेस्क्यू कर उसे भौर सैयदां ब्रीडिंग सेंटर में छोड़ा।
➤ कुरुक्षेत्र के सिंचाई विभाग रेस्ट हाउस में मिला 5 फुट लंबा मगरमच्छ
➤ वाइल्ड लाइफ विभाग ने आधी रात को रेस्क्यू कर सुरक्षित पकड़ा
➤ मगरमच्छ को भौर सैयदां ब्रीडिंग सेंटर में छोड़ा गया
कुरुक्षेत्र में गुरुवार रात सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस में 5 फुट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। यह मगरमच्छ देर रात करीब 11:30 बजे विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) की नजर में आया। रात गहराने के कारण जेई ने लगातार मगरमच्छ पर नजर बनाए रखी, ताकि वह कहीं इधर-उधर न भागे और आसपास मौजूद लोगों के लिए खतरा न बने।
सूचना मिलते ही वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार और कर्मचारी सुभाष ढुल के नेतृत्व में करीब आधे घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित काबू कर लिया गया। इसके बाद उसे कुरुक्षेत्र के भौर सैयदां स्थित मगरमच्छ प्रजनन केंद्र (ब्रीडिंग सेंटर) में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वाइल्ड लाइफ विभाग का मानना है कि यह मगरमच्छ पास की किसी ड्रेन से भटककर रेस्ट हाउस तक पहुंचा। एसवाईएल और नरवाना ब्रांच नहर में पानी होने के कारण वहां से इसके आने की आशंका जताई गई।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी एसवाईएल नहर में मगरमच्छ देखे जाने की घटना सामने आई थी। उस दौरान गोताखोर प्रगट सिंह ने उसे पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वह पानी में तेजी से भाग निकला। वहीं, पिछले महीने दबखेड़ी गांव के पास ड्रेन में भी मगरमच्छ दिखाई दिया था।