बैंक से निकले बुजुर्ग के थैले से 1 लाख की चोरी, मेडिकल स्टोर में महिलाओं ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में बैंक से डेढ़ लाख रुपए निकालने के बाद मेडिकल स्टोर पर रुके बुजुर्ग के थैले से चार महिलाओं ने एक लाख रुपए चोरी कर लिए। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई, पुलिस ने BNS 303(2) के तहत केस दर्ज किया।

बैंक से निकले बुजुर्ग के थैले से 1 लाख की चोरी, मेडिकल स्टोर में महिलाओं ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

बैंक से डेढ़ लाख निकालकर दवाई लेने पहुंचे थे बुजुर्ग
चार महिलाओं ने पीछा कर मेडिकल स्टोर में की चोरी
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस ने दर्ज किया केस


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में दिनदहाड़े चोरी की ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सन्धौली गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग स्वर्ण सिंह बैंक से डेढ़ लाख रुपए निकालकर अपने पोते की दवाई लेने मेडिकल स्टोर पर रुके थे। इसी दौरान चार महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से उनका पीछा करते हुए मेडिकल स्टोर में घुसकर उनके थैले से एक लाख रुपए की दो गड्डियां निकाल लीं। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

बुजुर्ग के थैले में हाथ डालती आरोपी महिला।

जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को स्वर्ण सिंह ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पिहोवा शाखा से 500-500 रुपए के नोटों की तीन गड्डियां, कुल डेढ़ लाख रुपए निकाले थे। बैंक से निकलते ही चार महिलाएं उनका पीछा करने लगीं। बुजुर्ग जब बस स्टैंड के पास स्थित मेडिकल स्टोर में अपने पोते सरबप्रीत सिंह की एलर्जी की दवाई लेने पहुंचे, तो आरोपी महिलाएं भी उनके आसपास खड़ी हो गईं।

रुपए निकालने के बाद मेडिकल स्टोर से जातीं महिलाएं।

CCTV फुटेज में साफ दिखाई देता है कि दो महिलाएं बुजुर्ग के आगे-पीछे इस तरह खड़ी हो गईं ताकि किसी को शक न हो। वहीं शॉल ओढ़े एक महिला ने बड़ी सफाई से उनके थैले में हाथ डालकर 500-500 रुपए की दो गड्डियां, यानी एक लाख रुपए निकाल लिए। इस दौरान बुजुर्ग को हल्की आहट हुई और उन्होंने पीछे मुड़कर देखा भी, लेकिन उन्हें कुछ समझ नहीं आया और वे दवाई लेने में व्यस्त रहे। रुपए निकालते ही महिलाएं आपस में बात करती हुईं तेजी से स्टोर से बाहर निकल गईं।

घर पहुंचकर जब स्वर्ण सिंह ने थैला खोला तो तीन में से केवल 50 हजार रुपए की एक गड्डी ही बची थी। यह देख वे हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत परिवार को जानकारी दी और सिटी पिहोवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के साथ दोबारा मेडिकल स्टोर पहुंचकर CCTV फुटेज खंगाली गई।

थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि अज्ञात महिलाओं के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिलाएं बैंक से ही बुजुर्ग का पीछा कर रही थीं।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोग कितने असुरक्षित हो सकते हैं और ऐसे गिरोह कितनी सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं।