हरियाणा में करंट लगने से दो सगे भाइयों की मौ*त, बचाने आया बेटा गंभीर
कुरुक्षेत्र के धनतोड़ी गांव में बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर की तार में करंट आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। बचाने पहुंचा बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
कुरुक्षेत्र में ट्रांसफार्मर की तार में करंट आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत
बचाने पहुंचे भतीजे को भी लगा करंट, अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती
बारिश के दौरान हुआ हादसा, पूरे गांव में शोक की लहर
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के धनतोड़ी गांव में शुक्रवार को बारिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं दोनों को बचाने पहुंचे परिवार के एक अन्य सदस्य की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बिंदर राम सबसे पहले ट्रांसफार्मर की बिजली की तार में फैले करंट की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण ट्रांसफार्मर के पास बिजली का करंट फैल गया था। जैसे ही बिंदर राम इसकी चपेट में आए, उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
अपने भाई को तड़पता देख नाथी राम उन्हें बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने जैसे ही बिंदर राम को छुड़ाने का प्रयास किया, वह भी तेज करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों भाई मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
इसी दौरान नाथी राम का 35 वर्षीय बेटा लाडी भी अपने पिता और ताऊ को बचाने के लिए आगे आया। उसने दोनों को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही क्षणों में एक ही परिवार के तीन सदस्य बिजली के करंट से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों को करंट से अलग किया गया और तत्काल इलाज के लिए अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि लाडी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण ट्रांसफार्मर की तार में करंट फैलने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में बिजली के तारों और ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
pooja