शराब के नशे में युवती का 5 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा पुलिसकर्मी को धक्का, डॉक्टरों और परिजनों से भी अभद्रता,VIDEO वायरल

रेवाड़ी में शराब के नशे में एक युवती ने पेट्रोल पंप, थाने और अस्पताल में करीब पांच घंटे तक हंगामा किया। पुलिसकर्मी को धक्का देने और अभद्र व्यवहार का वीडियो भी सामने आया है।

शराब के नशे में युवती का 5 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा पुलिसकर्मी को धक्का, डॉक्टरों और परिजनों से भी अभद्रता,VIDEO वायरल

रेवाड़ी में शराब के नशे में युवती ने 5 घंटे तक किया हंगामा

पुलिसकर्मी को धक्का दिया, अस्पताल में डॉक्टरों और परिजनों से भी अभद्रता

पेट्रोल पंप पर कैशियर की वीडियो बनाने से शुरू हुआ विवाद, VIDEO वायरल


हरियाणा के रेवाड़ी शहर में गुरुवार शाम शराब के नशे में एक युवती ने करीब 5 घंटे तक जमकर हंगामा किया। पेट्रोल पंप पर शुरू हुआ विवाद थाने और अस्पताल तक पहुंच गया। इस दौरान युवती ने पुलिसकर्मियों, डॉक्टरों, परिजनों और आसपास मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रेवाड़ी में हंगामा कर रही युवती को समझाता पुलिसकर्मी, इसके बाद युवकी ने उसे धक्का मार दिया। - Dainik Bhaskar

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे सनसिटी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने तीन दोस्तों के साथ झज्जर चौक स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची। वहां उसने बिना अनुमति कैशियर की वीडियो बनानी शुरू कर दी। जब कैशियर ने इसका विरोध किया तो युवती गाली-गलौज करने लगी और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।

नशे में युवती पेट्रोल पंप के पास सड़क पर ही गिर गई।

पेट्रोल पंप संचालक राजू के मुताबिक, युवती शराब के नशे में थी। हंगामा बढ़ने पर उसके साथ आए तीनों दोस्त मौके से चले गए। काफी समझाने के बावजूद जब युवती नहीं मानी तो पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता शुरू कर दी। समझाने का प्रयास करने पर वह सड़क पर लेट गई और एक पुलिसकर्मी को धक्का भी दे दिया। आसपास मौजूद लोग लगातार उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई।

इसके बाद पुलिस युवती को सिटी थाना लेकर गई, जहां भी उसका हंगामा जारी रहा। सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती उनके साथ भी उलझ गई।

बाद में पुलिस मेडिकल जांच के लिए युवती को अस्पताल लेकर पहुंची। वहां भी उसने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित रूप से गाली-गलौज की। डॉक्टरों ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की।

सिटी थाना SHO सूबे सिंह ने बताया कि युवती का हंगामा रात करीब 11 बजे तक चलता रहा। मेडिकल जांच के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। फिलहाल मामले में पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।