हरियाणा में पहली बार बना ATS, महिला IPS नाजनीन भसीन संभालेंगी आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़ी जिम्मेदारी
हरियाणा सरकार ने पहली बार आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) गठित किया है। महिला IPS नाजनीन भसीन को इसकी कमान सौंपी गई है। पंचकूला मुख्यालय के साथ दो ATS थाने भी स्थापित होंगे।
➤ हरियाणा में पहली बार आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) गठित
➤ महिला IPS नाजनीन भसीन को ATS प्रमुख की जिम्मेदारी
➤ पंचकूला मुख्यालय और गुरुग्राम-पंचकूला में खुलेंगे ATS थाने
हरियाणा सरकार ने राज्य की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पहली बार आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) गठित किया है। इस विशेष इकाई की कमान 2007 बैच की महिला IPS अधिकारी नाजनीन भसीन को सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि आधुनिक तकनीक, विशेष प्रशिक्षण और मजबूत खुफिया तंत्र के जरिए यह दस्ता आतंकवाद, कट्टरपंथ और संगठित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
सरकार ने नाजनीन भसीन को आईजी, ATS नियुक्त किया है। उनके साथ लोकेंद्र सिंह, उपासना और वरुण सिंगला को एसपी, ATS बनाया गया है। यह पूरी टीम सीधे हरियाणा पुलिस महानिदेशक को रिपोर्ट करेगी। नाजनीन भसीन अपने वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त प्रभार के रूप में ATS की कमान संभालेंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी के बाद गृह विभाग ने ATS के लिए 410 पद स्वीकृत किए हैं। इनमें 391 पदों का पदनाम बदला जाएगा, जबकि केवल 19 पदों पर नियमित भर्ती होगी। इसके अलावा 31 पद हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे।
ATS का मुख्यालय पंचकूला में बनाया जाएगा। इसके साथ पंचकूला और गुरुग्राम में दो विशेष ATS थाने स्थापित किए जाएंगे। पंचकूला यूनिट के अधीन उत्तर और मध्य हरियाणा के जिले होंगे, जबकि गुरुग्राम यूनिट दक्षिण हरियाणा के जिलों में आतंकवाद और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी करेगी।
सरकार के अनुसार, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के विशेषज्ञों और मौजूदा तकनीकी संसाधनों का उपयोग ATS की जांच में किया जाएगा। मिनिस्ट्रियल स्टाफ के लिए अलग भर्ती नहीं होगी, बल्कि मौजूदा संसाधनों का ही उपयोग किया जाएगा।
Akhil Mahajan