कानून की पढ़ाई कर रही सैन्य अफसर की बेटी के साथ रेप, कोर्ट के आदेशों पर मुकदमा दर्ज
कुरुक्षेत्र में लॉ छात्रा ने नौकरी दिलाने के बहाने दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ नौकरी दिलाने के बहाने होटल बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
➤ अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करने की शिकायत
➤ पुलिस कार्रवाई न होने पर कोर्ट के आदेश से केस दर्ज
कुरुक्षेत्र जिले में एक लॉ छात्रा के साथ नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी युवक पर न केवल दुष्कर्म करने बल्कि उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद युवती ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार पीड़िता लॉ की छात्रा है और उसके पिता भारतीय सेना में अधिकारी हैं। युवती का आरोप है कि पिछले वर्ष 14 नवंबर को आरोपी नितिन ने उसे एक निजी कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसी बहाने उसने युवती को जरूरी दस्तावेज लेकर शाहाबाद स्थित एक होटल में बुलाया।
होटल के कमरे में दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के मुताबिक होटल पहुंचने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने घटना के दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। इसके बाद वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी की धमकियों के कारण वह लंबे समय तक मानसिक दबाव में रही। आरोपी कथित रूप से वीडियो वायरल करने की बात कहकर उसे डराता और परेशान करता रहा।
परिवार पर भी गंभीर आरोप
युवती का कहना है कि उसने पूरी घटना की जानकारी आरोपी के परिवार को भी दी, लेकिन परिवार ने उसका साथ देने की बजाय आरोपी का समर्थन किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले महीने आरोपी उसे अपने घर के अंदर खींचकर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान सार्वजनिक रूप से उसके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट पहुंची
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने पहले शाहाबाद पुलिस और बाद में कुरुक्षेत्र पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत में याचिका दाखिल कर FIR दर्ज कराने की मांग की।
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया
थाना शाहाबाद के SHO जगदीश टामक ने बताया कि अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan