हरियाणा की बेटी निधि बंसल बनीं गुजरात में जज

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की निधि बंसल ने तीसरे प्रयास में गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा पास कर सिविल जज बनने का गौरव हासिल किया।

हरियाणा की बेटी निधि बंसल बनीं गुजरात में जज

➤ कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की रहने वाली निधि बंसल ने पास की गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा
➤ तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता, 10 साल की मेहनत लाई रंग
➤ पति इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, परिवार के सहयोग को बताया सफलता का आधार


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की बेटी निधि बंसल ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा 2025 पास कर सिविल जज का पद प्राप्त किया है। खास बात यह है कि उन्हें यह सफलता तीसरे प्रयास में मिली, जो उनकी लगातार मेहनत और धैर्य का परिणाम है।

निधि बंसल मूल रूप से कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की कुम्हारों वाली गली की रहने वाली हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा शाहाबाद में ही हुई। उन्होंने साल 2008 में आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल शाहाबाद से 12वीं की परीक्षा पास की। इसके बाद 2011 में आर्य कन्या कॉलेज शाहाबाद से बी.कॉम की डिग्री हासिल की।

बी.कॉम के बाद उन्होंने न्यायिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए 2014 में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से एलएलबी तथा 2017 में एलएलएम की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद से ही वे लगातार न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।

निधि बंसल की शादी 2017 में राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी कार्तिक बंसल के साथ हुई। उनके पति इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और फिलहाल गुजरात में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पति की पोस्टिंग के कारण परिवार गुजरात के मेहसाणा में रह रहा है।

परिवार के गुजरात में रहने के चलते निधि ने 2024 से मेहसाणा जिला कोर्ट में वकालत और प्रैक्टिस शुरू की। कोर्ट में काम करने से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया की गहरी समझ मिली और इस अनुभव का फायदा उन्हें न्यायिक सेवा परीक्षा में भी मिला।

निधि बताती हैं कि इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। उन्हें दो बार असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार तीसरे प्रयास में उन्होंने परीक्षा पास कर अपने सपने को साकार कर लिया

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति और परिवार को दिया। उनका कहना है कि मुश्किल समय में परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया और कभी हार मानने नहीं दी।

निधि बंसल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन धैर्य, मेहनत और निरंतर प्रयास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।