भाई के साथ घर लौट रहा था 19 साल का प्रिंस , बदमाशों ने लात मारकर गिराया और चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, मौके पर मौत

कुरुक्षेत्र में काम से लौट रहे युवक प्रिंस की बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हमलावर फरार हैं। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम से इनकार कर रहे हैं।

भाई के साथ घर लौट रहा था 19 साल का प्रिंस , बदमाशों ने लात मारकर गिराया और चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, मौके पर मौत


बाइक से लौटते समय बदमाशों ने रास्ते में रोका
परिजन बोले गिरफ्तारी से पहले नहीं होगा पोस्टमॉर्टम


हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शनिवार रात तीन बदमाशों ने 21 वर्षीय युवक प्रिंस की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। प्रिंस अपने छोटे भाई पारस के साथ काम से छुट्‌टी करके बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों भाई SKITE कॉलेज से करीब 400 मीटर आगे बिस्किट फैक्ट्री के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया।

पारस ने बताया कि गिरने के बाद हमलावरों ने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला किया। जब वे भागने लगे तो कीर्ति नगर निवासी अंकित ने उसके भाई प्रिंस की छाती में कई बार चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल प्रिंस मौके पर ही गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। हमलावर मनीष, अंकित और एक अन्य युवक अपनी बाइक पर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रिंस के परिचित अभिषेक और राजू मौके पर पहुंचे और घायल को लेकर LNJP अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। हमले में छोटे भाई पारस को भी चोटें आई हैं।

हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और दोस्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। गम और गुस्से से भरे परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और साफ कहा कि जब तक पुलिस हमलावरों को पकड़ नहीं लेती, वे पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे।

थाना सदर थानेसर के SHO सतीश कुमार ने बताया कि मृतक प्रिंस शादीपुर शहीदां गांव का रहने वाला था और मोहन सिनेमा के पास एक गारमेंट्स दुकान पर काम करता था। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 103(1), 115 और 3(5) के तहत मनीष, अंकित और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की तफ्तीश जारी है।