हरियाणा में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, पूर्व मंत्री के बेटे पर गोली मारने के आरोप

जमीन विवाद को लेकर प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, पैरों में लगी 2 गोलियां। पूर्व कृषि मंत्री के बेटे पर आरोप, पुलिस जांच जारी।

हरियाणा में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, पूर्व मंत्री के बेटे पर गोली मारने के आरोप

➤ पटियाला से आए प्रॉपर्टी डीलर पर कुरुक्षेत्र में फायरिंग
➤ पूर्व मंत्री के बेटे पर गोली मारने का आरोप
➤ जमीन विवाद के चलते 2 गोलियां पैरों में लगीं


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में रविवार शाम पंजाब के पटियाला से आए एक प्रॉपर्टी डीलर पर सरेआम फायरिंग कर दी गई। घटना पिहोवा के गांव गुमथला गढू की है, जहां एक प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। आरोप पूर्व मंत्री के बेटे पर लगे हैं। 

सन्नी के पैरों में गोलियां लगने के बाद उनके दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर आए।

घायल की पहचान संदीप सिंह उर्फ सन्नी के रूप में हुई है, जो पटियाला के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वह अपनी जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेने आए थे। इसी दौरान कहासुनी हुई और आरोपी ने उन पर 2 राउंड फायर कर दिए।

फायरिंग में दोनों गोलियां संदीप के पैरों में लगीं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत उन्हें पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घायल संदीप ने बताया कि उन्होंने आरोपी के भाई से ही जमीन खरीदी। आरोपी ने उनके पैरों में दो गोलियां मारी है।

घटना को लेकर गंभीर आरोप हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू पर लगाए गए हैं। घायल संदीप का कहना है कि शाम करीब 5 बजे गगनजोत मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी। विरोध करने पर उन्होंने सीधे गोली चला दी।

संदीप ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके साथ मौजूद अन्य लोगों पर भी 2-3 हवाई फायर किए, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। गोली चलने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल ने बताया कि उन्होंने यह जमीन आरोपी के भाई हरकीरत संधू से खरीदी थी। यह जमीन करीब 1 एकड़ है, जिसे उन्होंने अपनी संस्था उदय वेलफेयर सोसायटी (NGO) के लिए लिया था और यहां निर्माण कार्य चल रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 के पास स्थित जमीन पहले पूर्व मंत्री जसविंदर सिंह के पास थी। उनके निधन के बाद यह जमीन तीन बेटों में बंटी थी। आरोपी गगनजोत का दावा है कि उसके हिस्से की जमीन पर संदीप ने कब्जा कर लिया है, इसी विवाद के चलते यह घटना हुई।

मामले की सूचना मिलते ही थाना सदर के SHO सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। SHO ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।