SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 पर FIR, गन तानकर हत्या की कोशिश का आरोप

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मीरी-पीरी संस्थान विवाद में SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 पर FIR दर्ज, मीत प्रधान ने जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया।

SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 पर FIR, गन तानकर हत्या की कोशिश का आरोप

SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 पर FIR दर्ज
HSGMC मीत प्रधान ने गन तानकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया
मीरी-पीरी संस्थान विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस जांच शुरू


हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में सिख संगठनों के बीच विवाद अब आपराधिक मामले में बदल गया है। शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह मामला 20 मार्च का है, जब हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीत प्रधान गुरबीर सिंह तलाकौर के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया था। घटना के करीब 10 दिन बाद उनकी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए BNS की धारा 115, 190, 191(2), 299 और 351(3) के तहत थाना शाहाबाद में FIR दर्ज की है।

शिकायत में गुरबीर सिंह तलाकौर ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में चल रहे स्टाफ के विरोध प्रदर्शन के बीच मध्यस्थता करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि CEO के ऑफिस में बातचीत शांतिपूर्वक चल रही थी और उन्होंने संस्थान को HSGMC के अधीन लाने का प्रस्ताव रखा था।

आरोप है कि इसी दौरान SGPC से जुड़े करीब 19-20 लोग तलवार और बंदूक लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने तलाकौर पर गन तानकर हमला करने और जान से मारने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनकी पगड़ी और दाढ़ी खींची और उनकी सोने की चेन भी छीन ली। बाद में उन्हें संस्थान से बाहर निकाल दिया गया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

दरअसल, यह पूरा विवाद संस्थान की सेवा संभाल को लेकर हुआ था। HSGMC के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल ने संस्थान पर हरियाणा कमेटी का दावा जताया था, जबकि दूसरी ओर सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर का हवाला देकर संस्थान की सेवा संभालने का अधिकार अपना बताया।

घटना के दिन माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया था कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। बलजीत सिंह दादूवाल को पुलिस सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया था, जबकि मीत प्रधान तलाकौर के साथ हुई मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

पुलिस ने इस मामले में रघुजीत सिंह विर्क समेत कुल 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अन्य आरोपियों में बलदेव सिंह, हरदीप सिंह, प्रताप सिंह, सुखपाल सिंह, हरपिंदर सिंह, रवि इंदर, हरकेश सिंह, अमृतपाल सिंह, बलकार सिंह, गुरजीत सिंह, हरमन सिंह, पिंकी सिंह, हरिंदर सिंह, जरनैल सिंह, गुरजिंद्र सिंह, जसप्रीत सिंह, जस हुंडल, नवजीत कोहली और हरमा शामिल हैं।

इस मामले को लेकर रघुजीत सिंह विर्क से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।