मासूम शर्मा के बदले सुर: सरपंच तो अपणा भाई सै, माड़े शब्द लगे तो पाछे हटा ल्यूं सूं

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने पूर्व सरपंच से विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह वापस लेते हैं। पंचायत एक व्यक्ति के कहने से नहीं होती। मामले में राजनीतिक और संगीत जगत की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।

मासूम शर्मा के बदले सुर: सरपंच तो अपणा भाई सै, माड़े शब्द लगे तो पाछे हटा ल्यूं सूं

■ पूर्व सरपंच को बताया रिश्तेदार, कहा- जानता नहीं था
■ “स्टेज कलाकार का होता है”, बयान पर कायम
■ विवाद के बीच गजेंद्र फोगाट और दिग्विजय चौटाला की प्रतिक्रियाएं


हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पूर्व सरपंच से हुए विवाद के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए। न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा उनके रिश्तेदार हैं, हालांकि वह उन्हें पहचानते नहीं थे।

मासूम ने कहा कि उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि स्टेज से नीचे उतरकर कार्यक्रम देखें। “स्टेज पर उनके साथ करीब 25 लोग थे। नीचे से आवाज आई कि सरपंच नहीं उतरेगा, इसी बात पर इगो क्लैश हुआ। मैंने जो 70 सरपंच वाली बात कही, अगर किसी प्रतिनिधि को बुरा लगा हो तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं।”

उन्होंने पंचायत बुलाने की बात पर कहा कि एक व्यक्ति के कहने से पंचायत नहीं होती। हरियाणा में हजारों सरपंच हैं और कई उनके समर्थन में भी हैं।

“स्टेज कलाकार का होता है”

मासूम शर्मा ने कहा कि स्टेज कलाकार के लिए होता है और प्रस्तुति के दौरान व्यवधान ठीक नहीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे बिना चुने कोई विधानसभा में नहीं बैठ सकता, वैसे ही हर जगह की अपनी मर्यादा होती है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

गजेंद्र फोगाट ने कहा कि सरपंच गांव की अहम कड़ी होते हैं और कलाकारों को मर्यादा में रहना चाहिए। उन्होंने नशा मुक्ति को लेकर भी टिप्पणी की।

वहीं दिग्विजय चौटाला ने मासूम का समर्थन करते हुए कहा कि हरियाणा के कलाकारों को आगे बढ़ने देना चाहिए और छोटी बातों को तूल नहीं देना चाहिए।

राहुल पुट्‌ठी ने रिलीज किया गाना

विवाद के बीच हांसी के सिंगर राहुल पुट्‌ठी ने मासूम शर्मा पर एक गाना रिलीज किया, जिसमें विवाद को लेकर तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इससे पहले भी दोनों सिंगर्स के बीच गानों को लेकर प्रतिस्पर्धा और बयानबाजी चर्चा में रही है।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर बयानबाजी जारी है, जबकि दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रख रहे हैं।