नारनौल में गाड़ी की टक्कर से होटल कर्मी की मौत:पैदल रोड क्रास कर रहा
नारनौल के अटेली क्षेत्र में हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से राजस्थान निवासी होटल कर्मी संजय कुमार की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नारनौल में हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन ने होटल कर्मी को टक्कर मारी
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मृतक राजस्थान का निवासी और दो बच्चों का पिता था
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नेशनल हाईवे-11 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक होटल कर्मी की मौत हो गई। हादसा अटेली क्षेत्र के पास शनिवार रात हुआ, जब वह पैदल हाईवे पार कर रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के गांव प्रतापुर निवासी करीब 40 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। वह अटेली के पास स्थित एक होटल में काम करता था और नौकरी के चलते वहीं रहता था।
हाईवे पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे संजय कुमार किसी काम से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संजय कुमार विवाहित था और अपने पीछे पत्नी समेत दो बच्चों को छोड़ गया है। उसका बड़ा बेटा करीब 16 वर्ष का है, जबकि बेटी की उम्र लगभग 12 वर्ष बताई गई है।
परिवार राजस्थान के प्रतापुर गांव में रहता है, जबकि संजय रोजगार के लिए हरियाणा में होटल में काम कर रहा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
pooja